कलेक्टर वर्मा के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई: सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर पटाखा गोदाम सील

इंदौर।  दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में पटाखों के सुरक्षित भंडारण एवं विक्रय को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सख्ती बरती जा रही है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में राजस्व विभाग की टीम ने राऊ तहसील के ग्राम पिगडंबर स्थित पटाखा गोदाम का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन ने गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।  एसडीएम राऊ श्री लोकेंद्र सिंह सरल  के निर्देशन में किए गए निरीक्षण के दौरान सामने आया कि ग्राम पिगडंबर में ए.बी. रोड से लगभग 250 फीट अंदर सुंदरम पटाखा एजेंसी के नाम से श्री जितेश पिता श्री मोहनलाल बागेचा निवासी 117 विद्या नगर, इंदौर द्वारा पटाखा गोदाम का संचालन किया जा रहा था। जांच के दौरान गोदाम तक पहुंचने का रास्ता अत्यंत संकरा पाया गया। यहां से फायर ब्रिगेड जैसे बड़े वाहनों का आवागमन सुगम नहीं था, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित होने की आशंका थी। । निरीक्षण के दौरान लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन की स्थिति भी सामने आयी।                अनियमितताओं और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुंदरम पटाखा एजेंसी के गोदाम पर ताला लगाकर उसे सील कर दिया। यह कार्रवाई नायब तहसीलदार राऊ श्री धीरज सोनी एवं राजस्व टीम की उपस्थिति में की गई। कलेक्टर  शिवम वर्मा ने कहा है कि दीपावली के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा दुर्घटना को रोकने के लिए पटाखा कारोबारियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं लाइसेंस की शर्तों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment