कंट्रोल रूम पर प्रदर्शन, केशव नगर में फ्लैग मार्च -हमलावरो के अवैध कब्जे हटाने की मांग, जप्त की गई आटो

उज्जैन। केशव नगर में कोचिंग संचालक के साथ हुई मारपीट के विरोध में बुधवार को कोचिंग क्लास संगठन, भारत विकास परिषद, हिंदू संगठन और लोगों द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम पर प्रदर्शन किया गया। मारपीट करने वालों के अवैध कब्जे हटाने की मांग की गई और घायल शिक्षक को न्याय दिलाने के नारे लगाए गए। कोचिंग क्लास संगठन द्वारा पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भी सौंपा गया।
मंगलवार को नीलगंगा थाना क्षेत्र के केशवनगर में कोचिंग क्लास संचालक अजय जागरी पर क्षेत्र के रहने वाले इमरान और आसिफ ने हमला किया था। पुलिस ने कोचिंग संचालक की पत्नी की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हफ्ता मांगने और मारपीट करने का प्रकरण दर्ज किया था। लेकिन मामले ने तूल पकड़ लिया था। केशव नगर में पुलिस बल तैनात करना पड़ा था इस बीच पथराव भी हो गया था। बुधवार को कोचिंग क्लास संगठन के शिक्षक, भारत विकास परिषद के कार्यकर्ता, हिंदूवादी संगठन के सदस्य और केशव नगर के रहवासी पुलिस कंट्रोल रूम पहुंच गए जहां उन्होंने कंट्रोल रूम के बाहर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी और घायल अजय सर को न्याय दिलाने की मांग करने लगे। प्रदर्शन करने वालों ने पुलिस होश में आओ के नारे भी लगाएं। कंट्रोल रूम के बाहर प्रदर्शन होने की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्हें प्रदर्शन करने वालों ने ज्ञापन सौंपा और कोचिंग संचालक के साथ मारपीट करने वालों के मकान, नल कनेक्शन, बिजली कनेक्शन अवैध होने पर हटाने की कही। पुलिस अधीक्षक ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देते हुए अवैध कब्जे होने पर नगर निगम से चर्चा कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। पुलिस अधीक्षक से मिले आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म किया गया।
केशवनगर में पुलिस ने किया फ्लेग मार्च
पुलिस कंट्रोल रूम पर हुए प्रदर्शन के बाद दोपहर 2:30 बजे चार थानों के बल के साथ पुलिस लाइन से आए फोर्स ने केशव नगर में फ्लैग मार्च किया और आरोपियों के घर पहुंच कर तस्दीक की। इस दौरान आरोपियों की ऑटो को जप्त कर नीलगंगा थाने पहुंचाया गया। केशव नगर में एएसपी गुरुप्रसाद पाराशर, सीएसपी दीपिका शिंदे मौके पर ही मौजूद थी। इससे पहले नीलगंगा पुलिस कोचिंग संचालक पर हमला करने में शामिल दो आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद घटना की तस्दीक करने के लिए केशव नगर लेकर पहुंची थी।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment