ब्रह्मास्त्र जम्मू
जम्मू-कश्मीर में ईरान में चल रहे युद्ध से प्रभावित लोगों के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग आगे आए हैं। सोमवार को लगातार दूसरे दिन कश्मीर के कई इलाकों में लोगों ने बढ़-चढ़कर नकदी, सोना-चांदी के आभूषण, तांबे के बर्तन और अन्य कीमती सामान दान कर मानवीय संवेदना और एकजुटता का परिचय दिया। इस पहल में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों तक ने हिस्सा लिया, जिससे यह अभियान और अधिक प्रभावशाली बन गया।
अधिकारियों के अनुसार श्रीनगर के जदीबल, हसनाबाद, शालीमार, कमरवारी, लावेपोरा और बेमिना जैसे क्षेत्रों में दान शिविर लगाए गए, जहां लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। इसके अलावा बडगाम, बांदीपोरा और बारामूला जिलों में भी इसी तरह के अभियान चलाए गए। खास बात यह रही कि इस अभियान में केवल शिया समुदाय ही नहीं, बल्कि सुन्नी समुदाय के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। दान के रूप में लोगों ने नकदी, सोने-चांदी के गहने, तांबे के बर्तन और घरेलू उपयोग की अन्य वस्तुएं दीं। महिलाओं ने विशेष रूप से उदारता दिखाते हुए अपने कीमती आभूषण तक दान कर दिए। एक भावुक उदाहरण में एक महिला ने अपने दिवंगत पति की याद में संजोकर रखा सोना भी दान कर दिया, जो इस अभियान की संवेदनशीलता को दर्शाता है।