उज्जैन में 2 वर्ष बाद निकली महाकाल की गेर, विधायक, कलेक्टर ने घुमाया लठ

उज्जैन। रंगपंचमी के अवसर पर मंगलवार को महाकाल का ध्वज चल समारोह बड़ी धूमधाम के साथ निकला। सुबह से शाम तक उज्जैन में लोगों ने रंग से सराबोर होकर जमकर रंगपंचमी मनाई और शाम 6 बजे बाद गेर निकलना शुरू हुई। महाकाल का ध्वज चल समारोह गेर का शहर के लोगों ने स्वागत किया। कोरोना के कारण 2 वर्ष बाद यह ध्वज चल समारोह शहर के पारंपरिक मार्ग से निकाला गया। महाकाल ध्वज का पहले उज्जैन कलेक्टर आशीष सिंह, एसपी सत्येंद्र शुक्ल, विधायक पारस जैन, पूर्व पार्षद माया राजेश त्रिवेदी ने पूजन किया और फिर सभी ने ढोल पर लठ भी घुमाया। चल समारोह में रंग बिरंगी झांकियां बैंड बाजे साथ चल रहे थे। वीरभद्र का रथ भी गेर में शामिल था वही सेहरा दर्शन की झांकी सबसे आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर पुजारी प्रदीप गुरु, आशीष गुरु, कमल गुरु, सत्यनारायण जोशी प्रमुख रूप से उपस्थित थे। वहीं पूजन विनोद गुरु ने मंत्रोच्चार कर संपन्न कराया।