युवक की 20 घंटे बाद कुएं से मिली लाश

उज्जैन। जयगुरुदेव आश्रम से लापता हुए युवक की रविवार शाम कुएं से लाश बरामद हुई है। युवक का मोबाइल, चप्पल, आधार कार्ड कुएं के पास रखा मिला है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच में लिया है।
पंवासा थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया ने बताया कि दिल्ली से 12 मार्च को धर्मेन्द्र पिता मुरलीधर अहिरवार 28 वर्ष परिवार के साथ जयगुरुदेव आश्रम आया था। शनिवार सुबह अचानक आश्रम से लापता होने के बाद पिता ने उसकी गुमशुदगी थाने पहुंचकर दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार धर्मेन्द्र की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उसका उपचार भी चल रहा था। पुलिस ने युवक के लापता होने पर क्षेत्र में तलाश शुरु की। आश्रम के लोग भी उसे तलाश कर रहे थे। इस बीच रविवार शाम आश्रम के पीछे कुछ अनुयायी पहुंचे तो उन्होने कुए के पास मोबाइल, आधार कार्ड और चप्पल पड़ी देखी। जो धर्मेन्द्र की होना सामने आई। शंका के आधार पर कुएं में देखा तो उसका शव दिखाई दिया।