आईजी ने गाया गाना, एसपी ने बजाया ढोल

उज्जैन। होली के दूसरे दिन शनिवार को पुलिस रंगों की मस्ती में डूबी नजर आई। अधिकारी से लेकर आरक्षक तक को ऐसा रंग चढ़ा कि सभी एक साथ झूम उठे। आईजी ने अपने स्वरों की प्रस्तुति दी, एसपी ने ढोल बजाकर उत्साह में रंग भर दिये। कोरोना संक्रमण के 2 सालों से होली का रंग नहीं उड़ पा रहा था। इस बार शहरवासियों के साथ पुलिस पर भी जमकर रंग चढ़ा। शुक्रवार को शहर ने होली खेली और पुलिस सुरक्षा में तैनात रही। शनिवार को पुलिस ने होली का रंग जमाया तो शहर में भी शांति बनी रही। डीआरपी लाइन के पुलिस सामुदायिक भवन में सुबह से ही होली की तैयारियां शुरु हो गई थी। 10 बजे बाद पुलिसकर्मियों का पहुंचना शुरु हो गया था। कुछ देर बाद आईजी संतोषसिंह, डीआईजी अनिलसिंह कुशवाह, एसपी सत्येन्द्र कुमार, एएसपी आकाश भूरिया भी रंगों की महफिल में शामिल हो गये। डीजे की धुन और ढोल की थाप में सब ऐसे मस्त थे कि किसी को यह नहीं लग रहा था कि कौन अधिकारी है और कौन आरक्षक। सब मिलकर 2 साल बाद रंगों में डूबे नजर आ रहे थे। उसी बीच आईजी ने अपने स्वरों की प्रस्तुति से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।