April 26, 2024

उज्जैन। इंदौररोड डी-मार्ट के पास गुरुवार सुबह एक दोस्त ने दूसरे पर पिस्टल से फायर कर दिया। गोली सिर में लगते ही युवक गंभीर घायल हो गया। दोस्त ने दूसरी गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन फायर नहीं हो पाया। मामला लेनदेन का सामने आया है। मोतीनगर में रहने वाला लाखन पिता मोहनलाल राठौर 27 वर्ष सुबह घर से ईंट-भट्टे पर जाने का बोलकर निकला था। उसे केशव मेंस पार्लर के पास डी-मार्ट के पीछे दोस्त रवि ठाकुर ने रोका और पिस्टल से सिर में गोली मार दी। उसने दूसरा फायर करने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चल पाई। लाखन को जमीन पर पड़ा देख रवि मौके से भाग निकला। घटना के बाद घायल को जिला अस्पताल लाया गया। जहां से परिजन संजीवनी अस्पताल लेकर पहुंचे। गोली सिर में फंसी थी होने और हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने इंदौर रैफर कर दिया। लाखन के परिजनों ने बताया कि रवि से 25 हजार के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। रात में डी-मार्ट के पीछे रहने वाला रवि घर आया था। उसने देख लेने की धमकी दी थी। दोनों आपस में दोस्त है। नागझिरी पुलिस ने मामले में प्राणघातक हमले की धारा 307, 294, 3 (1) द, 3 (2) वी 3 (2)वीए अजाक अधिनियम और आम्र्स एक्ट की धारा 25, 27 में केस दर्ज कर रवि की तलाश शुरु कर दी।