निर्माणाधीन रोड पर तेज गति से दौड़ती यात्री बस पलटी

उज्जैन। आगर-उज्जैन के बीच चलने वाली यात्री बस सोमवार को पलटी खा गई। मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य के बीच चालक तेज गति से बस निकालने का प्रयास कर रहा था। मिट्टी के टिले पर चढऩे से कमानी टूट गई। 12 यात्रियों को चोंट लगी है। दोपहर डेढ़ बजे के लगभग उज्जैन से बह्माणी सर्विस की बस क्रमांक एमपी 13 पी 1424 आगर के लिये रवाना हुई थी। घट्टिया-घौंसला के बीच सड़क मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसके चलते रास्ता उबड़-खाबड़ पड़ा हुआ है। चालक ने हाइवे बैकिंग ढाबे के सामने से बस रफ्तार के साथ निकालने का प्रयास किया। अगला हिस्सा मिट्टी के टिले पर चढ़ते ही कमानी का पत्ता टूट गया और बस अनियंत्रित होने के बाद पलटी खा गई। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना होने पर 10 से 12 यात्री घायल हो गये। कुछ को मामूली चोंट लगी थी। बस पटलने और यात्रियों का शोर सुनकर ग्रामीण मदद के लिये पहुंच गये। यात्री के एक के ऊपर एक गिरे पड़े थे। जिन्हें बाहर निकाला गया। मौके पर राघवी थाना पुलिस के साथ 108 एम्बुलेंस पहुंच गई थी। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।