प्री-मानसून की शुक्रवार-शनिवार रात झमाझम दिन के तापमान में 9.8 डिग्री की गिरावट के बाद गर्मी से राहत

उज्जैन। मानसून की दस्तक से पहले शुक्रवार-शनिवार रात हुई प्री-मानसून की बारिश से रात-दिन के तापमान में भारी गिरावट आ गई है। जहां गर्मी से राहत मिली है, वहीं शनिवार दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। आर्द्रता का प्रतिशत भी काफी अधिक बढ़ गया है। मौसम विभाग को अब मानूसन के मुंबई पहुंचने का इंतजार बना हुआ है। जिसके बाद प्रदेश में मानूसन की गतिविधिया स्पष्ट हो पायेगी।
मई माह के बाद जून का प्रथम सप्ताह भीषण गर्मी के बीच गुजर रहा था। गुरूवार-शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री पहुंच गया था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री रहा था। शाम ढलने के बाद मौसम में ठंडक आने लगी थी। रात ढलने के बाद 2 बजे के लगभग प्री-मानसून की झमाझम शुरू हो गई। करीब 2 घंटे तक तेज बारिश होती रही। सुबह जब शहरवासी नींद से जागे तो घरों के बाहर और सड़को पर जलभराव की स्थिति दिखाई दी।  जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार गुप्त ने बताया कि अरब सागर से मिली नमी और दक्षिण-पश्चिमी की हवा से प्री-मानूसन की बारिश हुई है। रात में हुई बारिश सुबह 43 मिली मीटर दर्ज की गई है, जो सवा इंच के लगभग रही है। रात की बारिश के बाद दिन का तापमान भी 9.8 डिग्री कम हुआ है। जो शनिवार को 33 डिग्री रहा। जिसके चलते भीषण गर्मी से राहत मिली है। बारिश के चलते आर्द्रता का प्रतिशत भी बढ़ा है। सुबह आर्द्रता 90 और शाम को 60 प्रतिशत रही। उन्होने बताया कि केरल से मानसून अब आगे बढ़ रहा है, जिसके मुम्बई पहुंचने का इंतजार है। 4 से 5 दिन में मानसून मुम्बई तक आ सकता है। उसके बाद ही प्रदेश के मानसून की स्थिति का आकंलन हो पायेगा। अगर मुम्बई पहुंचने में देरी हुई तो प्रदेश में मानसून जून के अंत तक आ सकता है।
कृषि उपज मंडी में दिखा जलभराव शुक्रवार-शनिवार रात हुई बारिश के बाद कृषि उपज मंडी में जलभराव की स्थिति दिखाई दी। गनीमत रही कि रात में ही मंडी की फड़ पर रखा अनाज प्लास्टिक की तिरपाल से ढांक लिया गया था। लेकिन मैदान में रखा अनाज पानी भरने से भीग गया था। सुबह मंडी व्यापारियों ने अनाज को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। मंडी में जलभराव के साथ ही शहर के नाले-नालियों में उफान आया था। जिसके चलते गंदगी के साथ काली गाद सड़को पर जाम हो गई थी। जिसे नगर निगम के सफाईकर्मियों ने साफ कर स्वच्छता में अपनी भूमिका निर्वहन किया।