15 से 20 जून तक मप्र में आ जाएगा मानसून, जबलपुर संभाग से होगी एंट्री

दैनिक अवन्तिका भोपाल

मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री 15 से 20 जून के बीच होगी। भोपाल के सीनियर वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह के मुताबिक- प्रदेश के दक्षिणी हिस्से- छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी-बालाघाट से मानसून प्रवेश करेगा फिर आगे बढ़ेगा। ऐसे में 20 जून तक भोपाल, 22 जून तक इंदौर और 24 जून तक उज्जैन संभाग में पहुंच जाएगा। ग्वालियर-चंबल में सबसे आखिरी में एंटर होगा। पिछली बार 25 जून तक पूरे प्रदेश में मानसून आ गया था।

प्रदेश में इस बार मानसून जमकर बरसेगा। भारतीय मौसम विभाग ने जून से सितंबर यानी चार महीने तक प्रदेश में 104 से 106 फीसदी तक बारिश होने का अनुमान जताया है। यह सामान्य से अधिक 4 से 6 फीसदी ज्यादा है। प्रदेश की औसत बारिश एवरेज 37.3 इंच है। साल 2023 में प्रदेश में 100% बारिश हुई थी।