उठा धूल का गुब्बार, गुल हुई बिजली, तेज हवा और बादलों से मौसम का बदला मिजाज

उज्जैन। 40 डिग्री पहुंच चुके तापमान पर सोमवार दोपहर आसमान में छाए काले बादल और तेज हवा का प्रभाव पूरी तरह दिखाई दिया। दोपहर 3:30 बाद मौसम का मिजाज बदल गया था। हल्की बूंदाबांदी के साथ हवा में ठंडक महसूस हो रही थी।

मई माह के अंतिम 10 दिनों में तापमान 44-45 डिग्री पहुंच गया था। जून माह की शुरुआत होने के बाद तापमान 40-41 डिग्री दर्ज हो रहा था। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास बना हुआ था। गर्मी से लोग दिन रात बेहाल हो रहे थे। सोमवार सुबह भी सूरज के तेवर कड़क हो गए थे। दोपहर में तापमान 39-40 डिग्री के करीब पहुंच गया था। 2 बजे तक लोगों के पसीने छूट रहे थे। 3 बजते ही मौसम में बदलाव आना शुरू हो गया। आधे घंटे बाद 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने लगी आसमान में काले बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। मौसम का मिजाज बदल चुका था हवा में ठंडक महसूस हो रही थी। 4:30 बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। भीषण गर्मी का एहसास भी काम हो गया था। जीवाजीराव वेधशाला के अनुसार पश्चिम की ओर से नमी भरी हवा के चलते मौसम में परिवर्तन दिखाई दिया है। कुछ दिनों में प्रि मानसून मानसून की एक्टिविटी शुरू हो सकती है वैसे प्रदेश में बारिश की शुरुआत 20 जून बाद ही होगी। दोपहर बाद मौसम में आए बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

कुछ देर वहान चलना हुआ परेशानी भरा
दोपहर 3:30 बजे अचानक शुरू हुई तेज हवा से शहर में धूल का गुब्बार उठने लगा था। दो पहिया वाहन चलाने वालों को उड़ती धूल से परेशानी होने लगी। करीब 15 मिनट तक तेज हवा चली उसके बाद रफ्तार कम होने पर धूल का गुब्बार थम गया। तेज हवा से जहां घरों के खुले खिड़की दरवाजों की आवाज सुनाई देने लगी थी। वही छतों पर सुख रहे कपड़े उड़ गए थे। दुकानों के बाहर रखें होर्डिंग बैनर भी हवा में लहराते दिखाई दिए। तेज हवा के चलते कई क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई थी। बिजली विभाग के कर्मचारी व्यवस्था को बहाल करने के लिए निकल पड़े थे। आधे घंटे बाद अधिकांश क्षेत्रों में बिजली लौट आई थी कुछ क्षेत्रों में संधारण कार्य पूरा होने में समय लग गया था।

41.5 डिग्री रहा दिन का तापमान
दोपहर बाद मौसम में आए बदलाव के बीच दिन का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री दर्ज हुआ है। दोपहर में चली 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की हवा शाम 6 बजे बाद 10 किलोमीटर प्रति घंटे की हो गई थी। बारिश के आसार भी दिखाई दे रहे थे। वेधशाला अधीक्षक डॉक्टर राजेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि रात में बारिश हुई तो न्यूनतम तापमान में कमी आ सकती है। मंगलवार को भी मौसम में दोपहर बाद बदलाव दिखाई दे सकता है