सांसद के सूने मकान में चोरी

दैनिक अवन्तिका देवास

शहर में चोरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, जिससे पुलिस की रात्रिकालीन गश्त पर भी सवाल उठने लगे हैं। अज्ञात चोरों ने अब सांसद निवास को भी नहीं छोड़ा, शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को यहां पर चोरों ने चोरी की वारदात की और फरार हो गए। बताया गया है की सांसद चुनाव प्रचार के लिए उड़ीसा गए हुए थे और परिवार के लोग बाहर थे। चोरी की सूचना मिलने पर एसपी, सीएसपी सहित दो थानों के प्रभारी व पुलिस बल मौजूद था। पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं।

 

जानकारी के अनुसार देवास-शाजापुर सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी के निज निवास रामनगर में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात्रि को अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। बताया गया कि सांसद चुनाव प्रचार के लिए उड़ीसा गए हुए हैं। घर पर परिवार के सदस्य थे वह भी बाहर चले गए थे। सूना मकान देख चोर दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर से कितना माल लेकर फरार हुए हैं इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय व नगर पुलिस अधीक्षक दिशेष अग्रवाल सहित सिविल लाइन थाना प्रभारी, कोतवाली थाना प्रभारी व पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। चोर सीसीटीवी का डीवीआर समझकर टीवी का सेटअप बॉक्स ही ले गए हैं। पुलिस ने घर के अंदर फिंगर प्रिंट और डॉग स्क्वायड की सहायता से जांच की है।

 

सांसद लौटकर आएंगे तब ही पता चलेगा चोरी गए सामान का
ॅ नगर पुलिस अधीक्षक दिशेष अग्रवाल ने बताया कि सिविल लाइन थाना अंर्तगत महाजन जी के मकान में सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी निवास करते हैं। शनिवार सुबह 10 बजे उनके कार्यालय का नौकर और यहां पर पंडित जी पूजा अर्चना के लिए आते हैं। वे लोग आए तो उन्होंने देखा कि मुख्य द्वार पर ताला लगा हुआ था। घर में प्रवेश करने वाले दरवाजे का नकूचा टूटा हुआ था। घर में जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने इस बात की सूचना पुलिस को दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची है जांच की जा रही है।

ॅ सांसद और उनका परिवार बाहर गए हैं, वे लोग लौटकर आएंगे तब पता चल पाएगा कि घर में नकदी या फिर ज्वेलरी कितना सामान रखा हुआ था। उनमें कितना सामान चोरी हुआ है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है।

ॅ चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वो पुलिस को लगातार चुनौती देते हुए शहर के पॉश इलाकों में लगातार चोरियों की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इस बार चोरों ने देवास-शाजापुर सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी के घर को निशाना बनाया है। गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से शहर में नकाबपोश चोर रेकी कर रहे हैं और चोरियों की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। चोर हर खास और आम आदमी के सूने मकानों को निशाना बना रहे है।