इंदौर में पुरुषों की अपेक्षा मतदान में पीछे रही महिला, 9.55 लाख लोगों ने नहीं डाला वोट, पुरुष और महिला के मतदान में 7.49 प्रतिशत का रहा अंतर

 

इंदौर। संसदीय क्षेत्र इंदौर में कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन वापस लेने के बाद से ही मतदान को लेकर लोगों में उत्साह नहीं था, इसके बावजूद 61.75 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान का प्रतिशत लोकसभा चुनाव 2019 की अपेक्षा सात प्रतिशत कम रहा। महिला और पुरूष दाेनों ही मतदाताओं के मतदान प्रतिशत में गिरावट भी देखी गई। इस बार चुनाव में पुरुषों की अपेक्षा महिला मतदाता मतदान करने में पीछे रही।

महिलाओं का मतदान प्रतिशत कम

इंदौर जिले में 65.46 प्रतिशत पुरुषों ने मतदान किया, जबकि महिलाओं का मतदान प्रतिशत 57.97 रहा। दोनों के मतदान प्रतिशत में 7.49 का अंतर रहा। लोकसभा चुनाव में चौथे चरण में इंदौर संसदीय क्षेत्र में मतदान हुआ। इस बार चुनाव प्रचार का अधिक हल्ला नहीं होने से मतदान गिरने का अनुमान लगाया जा रहा था। इसके बावजूद लोगों ने बढ़-चढ़कर मतदान किया।

फिर भी मतदाता घरों से निकले

हालांकि, लोकसभा चुनाव 2019 की अपेक्षा इंदौर में 7.55 प्रतिशत कम मतदान हुआ। 2019 में 69.30 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2024 में 61.75 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान केंद्रों पर भाजपा के अलावा अन्य राजनीतिक पार्टियों की मौजूदगी भी नहीं दिखी। कांग्रेस पार्टी का प्रत्याशी भी नहीं था। इसके बावजूद मतदाताओं ने लोकतंत्र को मजबूत करने में अपनी भागीदारी निभाई।

9.55 लाख ने नहीं किया मतदान

इंदौर जिले में मतदाताओं की संख्या 25 लाख 26 हजार 803 है। इसमें से 15 लाख 60 हजार 293 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या आठ लाख 34 हजार 662 और महिला मतदाता की संख्या सात लाख 25 हजार 570 रही।वही नौ लाख 66 हजार 510 मतदाता अपने मतदाधिकार का उपयोग नहीं कर सके।

2019 में भी महिला मतदान कम रहा

इंदौर संसदीय क्षेत्र में 2019 में भी पुरुषों की अपेक्षा महिला मतदान कम रहा था। इस दौरान 72.34 प्रतिशत पुरुषों और 65.47 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मतदाधिकार का उपयोग किया। इसमें 16 लाख 21 हजार 64 मतदाताओं ने मतदान किया था। इसमें पुरुष मतदाता की संख्या आठ लाख 73 हजार 431 और महिला मतदाता की संख्या 7 लाख 47 हजार 602 रही।