प्रेम प्रसंग : आईजी ऑफिस की महिला एएसआई और सिपाही साथ में गायब

 

ग्वालियर। आईजी ऑफिस में पदस्थ महिला एएसआई निशा जैन और सिपाही अखंड प्रताप सिंह यादव साथ में लापता हो गए। दोनों मतदान के अगले दिन ड्यूटी पर जाने का कहकर घर से निकले थे, लेकिन न तो आफिस पहुंचे और न ही वापस घर।

महिला एएसआई के परिजनों ने कंपू थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई है। दोनों के मोबाइल भी बंद आ रहे हैं। इसी बीच महिला एएसआई के परिजन आईजी अरविंद सक्सेना के पास पहुंचे और बताया कि उनकी बेटी और आरक्षक के बीच प्रेम प्रसंग था। दोनों शादी करना चाहते थे। आरक्षक दूसरी जाति का है, इसलिए शादी नहीं करना चाह रहे थे।

बिना बताए ड्यूटी से गैर हाजिर रहने पर आईजी ने दोनों को निलंबित कर दिया है। अब पुलिस अधिकारियों को खबर मिली है कि दोनों ने आर्य समाज से शादी कर ली है। आईजी का कहना है- अगर शादी करना थी तो उनके समक्ष आकर पेश हो सकते थे, उन्हें जानकारी दे सकते थे। वह उनकी और उनके घरवालों की काउंसलिंग करा देते। वयस्क व्यक्ति को अपनी मर्जी से जीवनसाथी को चुनने का अधिकार है, लेकिन ड्यूटी से गैरहाजिर नहीं रहना था।