सीबीएसई बोर्ड के 10वीं, 12वीं का परिणाम जारी, इंदौर से कई छात्रों ने किया टॉप

 

कक्षा 10वीं में खुशी मिश्रा ने 98.8 अंक बनाकर सिटी टाॅपर बनी
कई स्कूलों के विद्यार्थियों ने 97 फीसदी से अधिक का दिया परिणाम

इंदौर। सीबीएसई बोर्ड ने सोमवार दोपहर 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी किया। इस बार परीक्षा परिणाम को लेकर कई बदलाव भी किए गए हैं। पहला यह कि इस बार सीबीएसई ने टॉपर लिस्ट जारी नहीं की है। वहीं, इस बार परीक्षार्थियों की अंक सूची सीधे उनके डिजी लाकर में अपलोड की। स्कूलों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कई स्कूलों के विद्यार्थियों ने 97 फीसदी से अधिक का परिणाम दिया है।

हालांकि देर शाम पर सिटी टॉपर के नाम सामने नहीं आ पाएं। इस बार सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर अप्रैल तक आयोजित हुई थी। बोर्ड परीक्षा में इंदौर 140 से अधिक स्कूलों के 30 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे। स्कूलों से मिली जानकारी के अनुसार कक्षा 10वीं में खुशी मिश्रा ने 98.8 अंक बनाकर सिटी टाॅपर बनी है। हालांकि रात तक सिटी टॉपर की स्थिति में बदलाव हो सकता है।

इधर, अधिकांश स्कूलों में लोकसभा चुनाव के तहत मतदान चल रहा था। सुबह करीब 11.30 बजे सीबीएसई ने 12वीं का परिणाम घोषित कर दिया। जिसके बाद स्कूल प्रबंधन के पदाधिकारी स्कूल पहुंचना शुरू हुए। दोपहर 12 बजे के बाद 10वीं का परिणाम भी जारी कर दिया गया। इसके बाद स्कूलों ने अपने-अपने स्कूलों के परिणाम की समीक्षा करना शुरू कर दी। हालांकि शाम तक 12वीं के सिटी टॉपर की सूची तैयार नहीं हो पाई थी।