इंदौर में नोटा के समर्थन में कांग्रेस ने जुटाई भीड़, दिग्विजय-पटवारी ने झाड़ा पल्ला

इंदौर। लोकसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी खोने के बाद कांग्रेस और गठबंधन के दलों ने नोटा के समर्थन में ताकत दिखाने की कोशिश की। शुक्रवार शाम कांग्रेस के साथ सहयोगी आईएनडीआईए गठबंधन के दलों ने जंजीरवाला चौराहे से आंबेडकर प्रतिमा तक रैली निकाली। लोकतंत्र बचाओ समिति के बैनर तले निकाली गई रैली में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के आने की घोषणा हुई थी। हालांकि न सिंह पहुंचे ना ही पटवारी रैली में नजर आए।रैली के बाद आंबेडकर प्रतिमा पर कांग्रेस नेताओं ने रैली को संबोधित किया।
कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व विधायक अश्विन जोशी, शोभा ओझा, नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे, शहर अध्यक्ष सुरजीतसिंह चड्ढा, जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव, पिंटू जोशी समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया। भाजपा पर लोकतंत्र को खत्म करने और कुर्सी के लिए खरीदी-बिक्री का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेताओं के साथ आम आदमी पार्टी के नेता भी नजर आए। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र को बचाने का आखिरी संघर्ष है। नागरिकों को अपने अधिकार और देश का लोकतंत्र बचाने के लिए खुद खड़ा होना होगा। ऐसे में नोट के जरिए ताकता दिखाना होगा। रैली में नोटा के समर्थन में नारेबाजी की गई। सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटाने में कांग्रेस व सहयोगी दल कामयाब रहे।