कैमरों की दिशा बदलकर भाईयों ने चोरी किये थे लाखों के बर्तन

उज्जैन। छोटी उद्योगपुरी स्थित गुरू गोविंद मेटल इंडस्ट्रीज का ताला तोड़कर लाखों के बर्तन चोरी करने वाले 2 भाईयों को शुक्रवार शाम पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दोनों से पूछताछ कर चोरी किये बर्तन बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। वारदात से पहले दोनों ने वहां लगे कैमरों की दिशा बदल दी थी। संभावना है कि पुलिस आज मामले का खुलासा कर सकती है।चिमनगंज थाना क्षेत्र की छोटी उद्योगपुरी में कार्तिक चौक के रहने वाले आत्मसिंह पंजाबी गुरू गोविंद इंडस्ट्रीज का संचालन करते है। जहां पीतल के बर्तनों का निर्माण किया जाता है। रविवार को इंडस्ट्रीज में ताला तोड़कर चोरी की वारदात होना सामने आया था। बदमाश 3 से 4 लाख के पीतल से बने बर्तन चोरी कर ले गये थे। बदमाशों ने वहां लगे कैमरों की दिशा बदल दी थी और डीवीआर भी चोरी किया था। पुलिस ने मामले में 2 दिन बाद प्रकरण दर्ज कर आसपास क्षेत्र के लगे कैमरों के फुटेज देखे। जिसमें 2 बदमाश दिखाई दिये। जिनकी पहचान करने पर सामने आया कि दोनों भाई राजीप और राज है, जो थाने के पास झुग्गी बस्ती के रहने वाले है। पुलिस ने शुक्रवार शाम दोनों को हिरासत में ले लिया। जिनसे पूछताछ कर बर्तन बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ बर्तन उन्होने ठिकाने लगा दिये थे। वहीं कुछ पुलिस ने बरामद कर लिये है।