शिवशक्ति नगर में पुरानी रंजिश को लेकर मारी गोली

उज्जैन। शिवशक्ति नगर में गुरुवार 12 बजे के लगभग पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर 4 से 5 बदमाशों ने चाकू, पाइप से हमला किया और गोली मार दी। पुलिस मामले की जांच के लिए मौके पर पहुंच गई है। दो बदमाशों के नाम सामने आने के बाद उनकी धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।

मोहन नगर में रहने वाला रोहित पिता शांतिलाल प्रजापत बिल्डिंग मटेरियल सप्लाय का काम करता है। आज सुबह वह शिवशक्ति नगर पहुंचा था। उसी दौरान चार से पांच बदमाशों ने उसे घेर लिया। वह कुछ समझ पाता बदमाशों ने उसके ऊपर चाकू, पाइप से हमला किया।

एक बदमाश ने गोली चला दी जो उसके पैर में जा लगी। रोहित के साथ घटनाक्रम की जानकारी परिजन और साथियों को लगी तो वे तत्काल मौके पर पहुंचे और उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए।जहां घायल ने बताया कि हमला करने वालों में छिंगू बुंदेला, चिंगारी और उसके तीन-चार साथी शामिल थे जिन्होंने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था।

छिंगू बुंदेला से पुराना विवाद चला आ रहा है जिसके चलते उसने हमला किया है। गोली चलने की खबर लगते ही चिमनगंज थाना पुलिस की टीम शिवशक्ति नगर पहुंच गई थी।