प्रत्याशी विहीन कांग्रेस ने अपनी लड़ाई अब इंदौर की जनता पर थोपी

 

जीतू पटवारी ने कहा- भाजपा को सबक सिखाएं और उसका बहिष्कार करे

इंदौर। लोकसभा सीट इंदौर के चुनाव मैदान से बाहर हुई प्रत्याशी विहीन कांग्रेस यहां किसी भी अन्य प्रत्याशी को समर्थन नहीं देगी। सोमवार को हुए घटनाक्रम से सदमे में डूबी कांग्रेस ने मंगलवार शाम तक निर्णय लेने की बात कही थी। मंगलवार शाम मीडिया के सामने आए प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि लड़ाई अब सिर्फ कांग्रेस की नहीं, इंदौर की जनता की है। कांग्रेस तो वैसे ही चुनाव से बाहर हो गई है। हम लोगों से आह्वान कर रहे हैं कि भाजपा को सबक सिखाएं और उसका बहिष्कार करें। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इंदौर जैसे स्वच्छ शहर को भाजपा ने राजनीतिक रूप से प्रदूषित और कलंकित किया है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इस तरह का कृत्य कर गर्व महसूस कर रहे हैं। लोगों को जागना चाहिए, क्योंकि ये लोकतंत्र की हत्या है और संविधान खतरे में है।
पटवारी ने यह भी कहा कि सवाल यह है कि कांग्रेस प्रत्याशी ने दल क्यों बदला, लेकिन इससे भी महत्वपूर्ण सवाल यह है कि सत्ताधारी दल जनता के वोटों से मिली ताकत से नागरिकों से ही वोट का अधिकार छीनने और शहर के लोकतंत्र को कलंकित करने का काम कैसे कर सकता है। पटवारी ने यह भी कह दिया कि हमें आघात लगा हैं, मैं रातभर सो भी नहीं सका। पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने चार-पांच निर्दलीय लोगों को धमकाया। उन पर नामांकन वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा था।
पांच लोगों को हम कांग्रेस नेताओं ने अपने घरों में रखा। सरपंच चुनाव में भी ऐसा नहीं होता, जैसा सांसद के चुनाव में भाजपा कर रही है। हम भाजपा को सबक सिखाएंगे। इसके लिए जन अभियान चलेगा। रैलियां होंगी और वार्ड स्तर पर आयोजन होंगे। लोगों के पास नोटा भी विकल्प है और अन्य भी। हम किसी का नाम नहीं लेते, लेकिन लोगों से कहेंगे कि कुछ भी चुनें, लेकिन भाजपा का बहिष्कार करें।

box
लोकतंत्र की हत्या पर आज शाम कांग्रेस की शोक सभा

कांग्रेस का अनूठा आयोजन आज शाम को इंदौर में होने जा रहा है
भाजपा पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाने के बाद शाम को कांग्रेस राजवाड़ा के सामने शोक सभा आयोजित करेगी। हालांकि यह देखना भी दिलचस्प होगा कि इस शोक सभा में कितने कांग्रेसी पहुंचते हैं या फिर यह सिर्फ रस्म अदायगी बनकर रह जाता है।