करीब 30 फीसदी सुधरा परिणाम, फिर भी उज्जैन 47 वें क्रम पर

-बोर्ड पैटर्न पर पहली बार में ही 5 वीं एवं 8 वीं के परिणाम में 30 प्रतिशत का उछाल

 

उज्जैन। बोर्ड पेटर्न पर हुई 5 वीं एवं 8 वीं की परीक्षा के परिणाम मंगलवार को पूर्वान्ह घोषित किए गए हैं। राज्य स्तर से जारी परिणाम में उज्जैन जिले ने 30 प्रतिशत उछाल के साथ इस वर्ष परिणाम दिए उसके बावजूद उज्जैन जिला राज्य स्तर पर 47 वें क्रम पर रहा है। पिछले वर्ष से इस वर्ष उज्जैन में 5 वीं एवं 8 वीं के परीक्षा परिणाम 30 प्रतिशत सुधरे हैं।

जिले में इस बार कक्षा 5 वीं का परिणाम 79.7 प्रतिशत तो कक्षा आठवी का परिणाम 78.1 प्रतिशत रहा है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष दोनो कक्षाओं का परिणाम लगभग 30 प्रतिशत जिले में बेहतर रहा है। जिले के सरकारी व निजी स्कूलों और मदरसों में कक्षा पांचवी और कक्षा आठवी में पढने वाले विद्यार्थियों की परीक्षा बोर्ड पैटर्न पर मार्च माह में आयोजित की गई थी। इनके परिणाम मंगलवार को घोषित किए गए। दोनो ही कक्षाओं में जिला स्तर पर मेरिट सूची जारी नही की जाती है। जिला शिक्षा केंद्र की अकादमिक एपीसी प्रेमलता रावतिया ने बताया कि मंगलवार को जारी हुए कक्षा 5 वी और 8 वी के परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत अधिक के साथ दर्ज किए गए हैं। शिक्षा सत्र 2022-23 में कक्षा 5 वी का परिणाम 53.5 प्रतिशत और 8 वी का परिणाम 51.7 प्रतिशत रहा था। सत्र 2023-24 में परीक्षा परिणाम कक्षा 5वीं का79.7 एवं कक्षा 8 वीं का 78.1 रहा है। प्रदेश में जिले का क्रम 47 वां रहा है।

घट्टिया ने मारी बाजी –

जिले में घट्टिया विकास खंड ने 5 वीं एवं 8 वीं के परीक्षा परिणाम में बाजी मारी है। दोनों ही कक्षाओं में जिले के 7 शिक्षा विकासखंड में प्रथम स्थान पाया है। इसकी अपेक्षा उज्जैन ग्रामीण दोनों ही कक्षाओं में जिले में सबसे कमजोर परिणाम देने में रहा है। कक्षा 8 वीं के परिणाम में घट्टिया के 29.10 फीसदी विद्यार्थियों ने ए प्लस और ए श्रेणी हांसिल की है। 5 वीं में19.12 प्रतिशत विद्यार्थियों ने ए प्लस और ए श्रेणी हासिल की है।

जिले में 5 वीं का परिणाम-

बोर्ड पैटर्न पर आयोजित कक्षा पांचवीं की परीक्षा में जिले भर से 30 हजार 470 विद्यार्थी शामिल हुए थे। इनमें 24 हजार 284 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए है। जिले का परिणाम 79.7 प्रतिशत रहा है। इनमें ए प्लस और ए ग्रेड का 12 प्रतिशत रहा है। घट्टिया विकासखंड ने 88.22 प्रतिशत परिणाम दिए हैं। सबसे कमजोर उज्जैन ग्रामीण में 71.10 प्रतिशत परिणाम जिले में रहा है।

जिले में 8 वीं का परिणाम-

कक्षा आठवीं में जिले से 28 हजार 701 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। घोषित परिणाम में 22 हजार 617 विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे। जिले का परिणाम 78.1 प्रतिशत रहा है। इनमें 16 प्रतिशत विद्यार्थियों को ए प्लस और ए ग्रेड की पात्रता प्राप्त हुई है। 8 वीं के परिणाम में भी घट्टिया विकासखंड ने 89.62 प्रतिशत परिणाम दिया है। सबसे कम परिणाम उजजैन ग्रामीण में 63.63 रहा है।