April 25, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदौर। पहले वह महिलाओं से दोस्ती करता। फिर , उन्हें अपने जाल में उलझा कर हवस का शिकार बनाता और छोड़ देता। जाहिर तौर पर कई वादे भी करता था, लेकिन इन वादों का उसके लिए कोई मायना नहीं। फिलहाल कई महिलाओं की अस्मत लूट चुका लुटेरा एक महिला का कत्ल कर फरार है।
दरअसल, पालदा क्षेत्र में दो दिन पूर्व हुई एक युवती की हत्या के मामले में पुलिस को कुछ अहम जानकारी हाथ लगी है। कातिल पुलिस पकड़ से दूर है। उसकी तलाश में पुलिस ने कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। वो कई महिलाओं की अस्मत भी लूट चुका है।
भंवरकुआ थाना प्रभारी संतोष दूधी के मुताबिक आरोपी की 3 पत्नियां पहले से हैं। वह कुछ समय के लिए महिलाओं से दोस्ती करता था और बाद में हवस का शिकार बनाकर छोड़ देता था। आरोपी विनोद की पहली पत्नी मूसाखेड़ी में रहती है, जबकि दो अन्य जगह रहती है। बताया जा रहा है कि जिस महिला विजयंती उर्फ संगीता पति बबलू अहिरवार की हत्या की उसको आरोपी विनोद ने कुछ पैसे दिए थे। इसी दौरान विजयंती को उसने एक अन्य व्यक्ति से बात करते देख लिया था। बाद में इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और उसी दौरान विनोद ने चाकू से उसकी हत्या कर दी। पुलिस अब तक कई जगहों पर उसे ढूंढ चुकी है, लेकिन उसका सुराग नहीं मिल पाया है।