सड़को पर यमदूत बनकर दौड़ रहे वाहन इंदौररोड पर भाजपा नेता बडऩगर मार्ग पर बाइक सवार की मौत

उज्जैन। सड़को पर दौड़ते चार पहिया और बड़े वाहन यमदूत बने हुए है। आये दिन दुर्घटना में मौत होना सामने आ रहा है। रविवार-सोमवार रात इंदौररोड और बडऩगर मार्ग पर हुई दुर्घटना में भाजपा नेता की मौत हो गई, वहीं हेयर सैलून संचालक ने भी दम तोड़ दिया। रात में ही तीन दुर्घटना के मामले भी सामने आये, जिसमें पांच लोग घायल हुए है। चिंतामण थाना पुलिस ने बताया कि बडऩगर मार्ग धरम बड़ला के पास रात 10.30 बजे अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी थी। चार पहिया वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतक युवक के पास मिले दस्तावेजों से सामने आया कि आशीष पिता बाबूलाल सेन 26 वर्ष निवासी सिलोदा रावल भैरवगढ़ है। परिजनों को घटना से अवगत कराया गया। जिनके पहुंचने पर सामने आया कि आशीष का 2 माह पहले ही विवाह हुआ था, जूना सोमवारिया में हेयर सेलून की दुकान चलाता था। बताया जा रहा है कि आशीष के साथ हुई दुर्घटना से पहले धरम बड़ला पर ही अज्ञात वाहन ने शाम के समय बाइक पर सवार राहुल पिता प्रभुलाल प्रजापत 25 वर्ष और उसकी मां मन्नुबाई प्रजापत 55 को टक्कर मार दी थी। दोनों के घायल होने पर उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। सड़क पार कर रहे थे भाजपा नेता
इंदौररोड पर अज्ञात वाहन से दुर्घटना में भाजपा नेता की मौत के बाद सामने आया कि वह पैदल सड़क पार कर रहे थे, उसी दौरान तेज रफ्तार से चार पहिया वाहन उन्हे टक्कर मारकर भाग निकला था। भाजपा नेता रजा अली सिद्धिकी पिता मुस्ताक अली 72 वर्ष रामप्रसाद भार्गव मार्ग के शेसवानी मोहल्ला के रहने वाले थे। वह रिश्तेदार की शादी में शामिल होने निनौरा गये थे, उसी दौरान दुर्घटना हुई है। रजा अली भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नगर अध्यक्ष के साथ एल्डरमेन रह चुके थे। वह कुछ समय से बैंगलूर में अपने पुत्र के यहां रह रहे थे। 4 दिन पहले ही उज्जैन आये थे। नानाखेड़ा पुलिस ने मामला जांच में लेकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू की है।
सास-जमाई को कार ने मारी टक्कररविवार रात ही माधवनगर थाना क्षेत्र के देवासरोड पर एक्टिवा पर सवार दीपक जैन और उसकी सास कुसुम पति राजकुमार जैन 60 वर्ष निवासी धन्नालाल की चाल को कार चालक ने टक्कर मार दी। दोनों घायल हुए है। दोनों कालिदास अकादमी में आयोजित महावीर जयंती के कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलने पर जैन समाज के लोगों की माधवनगर थाने और जिला अस्पताल में भीड़ लग गई थी। दुर्घटना का घटनाक्रम चिंतामण मंदिर के पास भी सामने आया। सायकल पर सवार अनिल पिता गिरधारीलाल 33 वर्ष निवासी चिंतामण को तेज रफ्तार में आये बाइक चालक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया था।