दुबई टूर के नाम पर 62 लाख हड़पे- पुलिस उसे उज्जैन, महेश्वर बड़वानी में ढूंढ रही थी और वह छुपा हुआ था इंदौर की होटल में

इंदौर। दुबई टूर के नाम पर 166 यात्रियों से 62 लाख रुपये ठगने वाला टूर एंड ट्रैवल संचालक महेंद्रसिंह मंड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी विजय नगर स्थित ओयो होटल में छुपा हुआ था। उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित हो चुका था और पुलिस चार माह से इंदौर, उज्जैन, महेश्वर, बड़वानी सहित अलग-अलग शहरों में छापे मार रही थी।
एडिशनल डीसीपी जोन-4 आनंद कुमार यादव के मुताबिक, ट्रैवल एजेंट राजीव जैन (तिलक नगर) की शिकायत पर जनवरी में अमृत टूर एंड ट्रैवल के संचालक महेंद्रसिंह पुत्र दिलीपसिंह मंड निवासी अन्नपूर्णा के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया था। राजीव जैन ने 166 यात्रियों के लिए दुबई का टूर बुक करवाया था। प्रति व्यक्ति 80 हजार रुपये की बुकिंग हुई थी। इसमें आना-जाना, ठहरना, घूमना और खाना शामिल था।

टिकट नहीं दिए और धमकाया भी

आरोपी मंड ने 38 हजार रुपये प्रति व्यक्ति एडवांस रुपये ले लिए थे। दोनों में करार होने पर इंदौर, उदयपुर और अहमदाबाद के यात्रियों की ट्रिप बुक कर दी। जैसे ही टूर की तारीख नजदीक आई मंड ने दुबई एम्बेसी बंद होने का बहाना बनाया और कहा कि वीजा नहीं मिल रहा है। एक महीने बाद का टूर तय हुआ लेकिन पूरे टिकट नहीं दिए। न ही दुबई में होटल मिला। आरोप है कि महेंद्र के बेटे ने जैन को धमकाया और कहा कि उसके पिता परेशान है।वह उल्टे उन्हें केस में फंसा देगा।

घोटाला उजागर होते ही गुमशुदगी दर्ज करवाई

महेंद्र मंड ने लाखों रुपये का घोटाला करने के बाद भी यात्रियों को धमकाया। उसके परिजनों ने घर से गायब कर दिया और थाने में गुमशुदगी दर्ज करवा दी। बाद में पुलिस ने उसे दस्तयाब कर लिया और धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कर ली। जोन-4 के डीसीपी ने मंड की गिरफ्तारी पर दो हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया।आरोपी के बारे में जानकारी मिली कि पुलिस से बचने के लिए अलग अलग शहरों में होटलों में रुकता है। उसे विजय नगर के एक होटल से पकड़ लिया।