शाम को बूंदाबांदी के बाद रात में हुई तेज बारिश, मौसम में आई ठंडक -8 से 10 किलोमीटर की रफ्तार से चली हवा, तापमान में गिरावट

उज्जैन। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से प्रदेश का मौसम बदला हुआ है। गुरूवार को शहर में दिनभर उमस का बनी हुई थी। शाम ढलने पर बूंदाबांदी शुरू हुई जो रात 8 बजे बाद तेज हो गई। करीब 10 बजे से बारिश होती रही, जिसके बाद मौसम में ठंडक महसूस होने लगी थी। मौसम विभाग ने आज भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। अप्रैल माह की शुरूआत होने के बाद गर्मी के तेवर दिखाई देने लगे थे। पहले सप्ताह में तापमान 40 डिग्री पहुंच गया था, इसी बीच मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का अलर्ट जारी करते हुए प्रदेश के कई जिलों में 13 अप्रैल तक बारिश होने का अनुमान जता दिया था। जो पिछले 2 दिनों से सही साबित हो रहा है। मंगलवार-बुधवार रात न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के करीब आ गया था। जिसके बाद शहर के आसपास क्षेत्रों में तेज बारिश हुई और ठंडी हवा महसूस होने लगी थी।  गुरूवार को शहर में सुबह से ही बादलों की आवाजाही शुरू हो गई थी, जिससे उमस का माहौल बन गया था, लेकिन शाम ढलने के बाद 8 से 10 किलोमीटर प्रतिघंटे से हवा चलने लगी और बंूदाबांदी का सिलसिला शुरू हो गया। 8 बजे बारिश की रफ्तार तेज हुई और सड़को पर आवागमन थमने लगा। एक घंटे बाद तेज बारिश का सिलसिला शुरू हुआ और रात 10 बजे तक बारिश होती रही। दिनभर की उमस के बाद मौसम में पूरी तरह से ठंडक आ गई थी। हवा की गति 6 से 8 किलोमीटर प्रतिघंटे की हो गई थी। जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ राजेन्द्र गुप्त ने बताया कि सुबह से आसमान में बादलों के आने से अधिकतम तापमान एक डिग्री गिरवाट के साथ 34 दर्ज हुआ है। बुधवार-गुरूवार न्यूनतम तापमान में भी कमी आई थी और 21.5 डिग्री दर्ज हुआ था। इससे पहले रात का तापमान 23.5 डिग्री पहुंच गया था। वेधशाला अधीक्षक के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर शहर में 13 अप्रैल तक बना रह सकता है। इस बीच गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। रात 10 बजे तक हुई बारिश के बाद घरों में उमस महसूस होने लगी थी। वहीं बाहर हवा में ठंडक आने से मौसम काफी अच्छा हो चुका था। शहरवासी घरों से बाहर सड़को पर टहलने के लिये निकल पड़े थे।