– चुनाव के चलते रिकॉर्ड तोड़ दीप नहीं जलाए, रामघाट से दत्त अखाड़े तक दीप ही दीप 

दैनिक अवंतिका उज्जैन।  हिंदू नववर्ष गुड़ी पड़वा पर मंगलवार देर शाम उज्जैन में मां शिप्रा का आंगन साढ़े 5 लाख दीपों से जगमगा उठा। शिव ज्योति अर्पणम् कार्यक्रम के तहत शिप्रा के रामघाट, दत्त अखाड़ा घाट, नृसिंह घाट से लेकर गुरुद्वारा घाट तक शाम 6 बजे बाद से रात तक एक साथ लाखों दीप जलाए गए।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हुए और उन्होंने सपत्नीक दीप जलाए।इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रसिद्ध पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल ने भजनों की प्रस्तुतियां देकर हजारों लोगों को मंत्र मुग्ध कर दिया। प्रशासन की ओर से इन दीपों की संख्या 5 लाख 50 हजार बताई गई है। इतने सारे दीपों को जलाने के लिए सभी घाटों पर मिलाकर साढ़े 8 हजार कार्यकर्ता जुटे थे। इसमें शासन-प्रशासन से लेकर धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोग एवं स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी शामिल थे। सभी को दीप जमाने से लेकर जलाने तक का प्रशिक्षण पूर्व में ही दे दिया गया था। यहीं कारण रहा कि कार्यक्रम स्थल पर एक साथ ही इतने सारे दीप बहुत ही कम समय में प्रज्वलित कर दिए गए। 

गायक जुबिन ने सुनाए भजन, 14 

एलईडी पर लाइव, आतिशबाजी

कार्यक्रम में रात 8 बजे के बाद प्रसिद्ध पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल शिप्रा नदी के बीच बनाए गए मंच पर पहुंचे जहां से उन्होंने भजनों की प्रस्तुतियां देकर हजारों लोगों को मंत्रमुग्ध किया। 14 एलईडी स्क्रीन के माध्यम से कार्यक्रम का शिप्रा के घाटों से लेकर दूर तक प्रसारण किया गया। घाट पर शाम होते ही हजारों लोग पहुंचना शुरू हो गए थे। हालांकि दीप प्रज्वलन के दौरान घाट पर आम लोगों को नहीं जाने दिया गया। जैसे ही दीप का कार्यक्रम हुआ इसके बाद लोगों की आवाजाही शुरू हुई।  

भीड़ प्रबंधन के लिए दोपहर 

बाद ही रोकने पड़े गए वाहन

दीप उत्सव व भजन संध्या देखने के लिए लोग दोपहर से ही आने लगे। शिप्रा के घाटों के आसपास क्षेत्र में भीड़ इतनी हो गई कि पुलिस प्रशासन को दोपहर ही यहां पहुंच मार्गों पर वाहनों का प्रवेश रोकना पड़ा। शंकराचार्य चौराहा से छोटी रपट, दानीगेट मार्ग पर आम वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित था। वहीं गुदरी से रामानुज कोट तक, दानी गेट से रामानुज कोट मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित किया गया। पूरी व्यवस्था में 150 से अधिक पुलिस जवान तैनात किए गए।

अयोध्या और उज्जैन में अब तक 

इस तरह बने आए दीपकों के रिकॉर्ड

– वर्ष 2022 में अयोध्या में दीपोत्सव में 15.75 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। 

– इस रिकॉर्ड को उज्जैन में 18 फरवरी 2023 को महाशिवरात्रि पर शिव ज्योति अर्पणम् कार्यक्रम के तहत तोड़ा गया। जब शिप्रा के 6 घाटों पर 18 लाख 82 हजार 229 दीपक प्रज्वलित किए गए थे।

– उज्जैन के उक्त रिकॉर्ड को अयोध्या में 11 नवंबर 2023 को दीपावली के एक दिन पूर्व 7 वें दीपोत्सव के तहत 22.23 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित कर तोड़ा। 

– लेकिन इस बार आचार संहिता के चलते 9 अप्रैल 2024 को गुड़ी पड़वा पर हुए शिव ज्योति अर्पणम् में ये रिकॉर्ड ब्रेक किया गया। और महज 5 लाख 50 हजार दीप ही प्रज्वलित किए गए।