आज यज्ञ पूर्णाहुति व कथा का समापन, कृष्णजन्म व रूक्मणी विवाह संपन्न

दैनिक अवन्तिका इंदौर

सुदामा नगर इंदौर में 7 दिवसीय भागवत यज्ञज्ञान कथा में कृष्णजन्म के प्रसंग से भक्तजन भाव-विभोर व आनंदित हुए। विगत दिवसो में गोवर्धन लीला तथा कृष्ण रूक्मणी विवाह संपन्न हुआ। छप्पन भोग में विभिन्न फल, मिष्ठान्न, इंदौरी नमकीन, फलाहारी चुड़ा, सूखे मेवे और राजगिरे के लड्डू आदि का प्रसाद अर्पित किया व श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। कंस वर्धन और भजन प्रस्तुति इस यज्ञ कथा में आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे।

कथावाचक आचार्य विनोद दाधीच (कन्नौद वाले) द्वारा सहज सरल भाषा में अपने मुखरविंद से अमृतमय ज्ञान कथा की अविरल धारा जारी है। वे जीवन का सार कह रहे और भागवत कथा की महत्ता बताते हुए प्रतिदिन व्यास पीठ पर विराजमान होते हैं। कन्नौद के मूल निवासी होकर अपने गृहक्षेत्र से जुड़े चापडा, बागली, मोखा पिपल्या में धार्मिक कथा व पुराण मे अति व्यस्त रहते हैं।
मोक्षदायिनी कथा के नियमित समय अपराह्न 3 बजे से सायं 6 बजे तक श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या कथा आनंद का प्रमाण है। कथा का आयोजन जोशी परिवार की प्रमुख विदूषी शांता जोशी और उनके सुपुत्र उमेश राजीव व संजय द्वारा किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि धर्मप्रेमी जोशी परिवार द्वारा महाशिवरात्रि और सावन भादों माह में परिसर में स्थापित शिवलिंग का अभिषेक और खिचड़ी प्रसाद वितरण किया जाता है और दस दिवसीय गणेशोत्सव का भव्य व गरिमामय कार्यक्रम विगत तीन दशकों से सतत जारी है। शुक्रवार पापमोचनी एकादशी पर कमलकांत दवे, कमलेश पाठक, निर्लेश तिवारी, शैलेष पाराशर, शरद अग्रवाल, कृष्णा जोशी, रेखा जोशी, जतींद्र व्यास, रजत शर्मा आदि ने व्यासपीठ के दर्शन किये। रविवार को यज्ञ पूर्णाहुति के साथ भागवत कथा का समापन महाप्रसादी के वितरण के साथ संपन्न होगा।