April 30, 2024

कांग्रेस को पूरी तरह हताश करने के लिए नेताओं को बड़ी संख्या में दिलाई जाएगी सदस्यता

भोपाल। भाजपा आज कांग्रेस को नेताओं और कार्यकर्ताओं से लगभग खाली कर देगी। मध्य प्रदेश और उसके आसपास के क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी के स्थापना दिवस पर भाजपा कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों का मनोबल तोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दावा किया है कि आज एक ही दिन में एक लाख कांग्रेसी भाजपा में शामिल होंगे। यह अपने आप में एक विश्व रिकॉर्ड होगा। अब तक 20 हजार से अधिक नेताओं-कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता दिलवाई जा चुकी है। इसमें करीब 18 हजार कांग्रेस के ही हैं। अब भाजपा की ओर से पूरे प्रदेश में आज स्थापना दिवस पर एक लाख कांग्रेसियों को पार्टी की सदस्यता दिलाने का दावा किया गया है। यह कार्यक्रम प्रत्येक मतदान केंद्र स्तर पर होगा।
छिंदवाड़ा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव उपस्थित रहेंगे तो भोपाल स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में न्यू ज्वाइनिंग टोली के संयोजक डा. नरोत्तम मिश्रा सहित वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। नरोत्तम मिश्रा का दावा है कि एक दिन में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सदस्यता का यह कीर्तिमान होगा। भाजपा द्वारा स्थापना दिवस मनाने के लिए बूथ स्तर पर बीते कई दिनों से भव्य तैयारी की जा रही है।
प्रदेश से लेकर बूथ स्तर पर कांग्रेस सहित अन्य दलों के नेताओं को बड़ी संख्या में भाजपा की सदस्यता दिलाई जाएगी। अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं से संपर्क और संवाद किया गया है। उन्हें पार्टी की सदस्यता लेने के लिए तैयार किया गया है। इस अवसर पर बूथों पर भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय, डा. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण किया जाएगा और पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर 370 वोट बढ़ाने और बूथ विजय पर चर्चा करेंगे।

वर्ल्ड रिकार्ड की कोशिश

डा. नरोत्तम मिश्रा का कहना है कि भाजपा में सदस्यता अभियान के कीर्तिमान को वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज कराने की तैयारी है। पार्टी का दावा है कि विश्व में इतनी बड़ी संख्या में अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं का एक साथ भाजपा की सदस्यता लेना किसी कीर्तिमान से कम नहीं होगा। बता दें, प्रदेश भाजपा इसके पहले भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ के 100 एपिसोड पर लगातार 100 घंटे अलग-अलग वक्ताओं के माध्यम से चर्चा करवा कर रिकार्ड बना चुकी है।

न्यू ज्वाइनिंग टोली का कमाल

न्यू ज्वाइनिंग टोली कांग्रेस सहित अन्य दलों के नेताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाने के लिए बनाया गया एक विशेष प्रकोष्ठ है। यह अन्य दलों के नेताओं से संवाद कर उनकी भाजपा में सदस्यता आदि के लिए समन्वय करता है।
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री सुरेश पचौरी सहित कई नेता भाजपा का दाम थाम चुके हैं। वहीं कमल नाथ के करीबियों में दीपक सक्सेना, सैयद जाफर, छिंदवाड़ा की अमरवाड़ा विधानसभा सीट से विधायक रहे कमलेश शाह, छिंदवाड़ा महापौर विक्रम अहाके, दीपक सक्सेना के पुत्र अजय सक्सेना भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
कांग्रेस के कई बड़े नेता विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा में आए। इनमें प्रमुख रूप से सुरेश पचौरी, गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी, संजय शुक्ला, विशाल पटेल, अर्जन पलिया, अंतरसिंह दरबार, गंभीर सिंह , अरुणोदय चौबे,
राकेश मावई, शिवदयाल बागरी आदि शामिल है।