8 और 9 अप्रैल की मध्य रात लगेगा सूर्यग्रहण लेकिन भारत में नहीं दिखेगा

 

– साल 2024 का पहला ग्रहण, ग्रहण नहीं दिखने से यह मान्य भी नहीं रहेगा
दैनिक अवंतिका उज्जैन। 

8 और 9 अप्रैल की मध्य रात को सूर्य ग्रहण लगेगा लेकिन यह भारत में नहीं दिखाई देगा। साल 2024 का यह पहला सूर्यग्रहण है पर धर्म व शास्त्रों के अनुसार नियम है कि जहां ग्रहण दिखाई न दे वहां उसकी मान्यता नहीं होती। इसलिए सूर्यग्रहण का न सूतक लगेगा और न अन्य कोई नियम पालन किया जाएगा। यह सूर्यग्रहण विदेशों में दिखाई देगा। 

उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पंडित अमर डब्बावाला ने बताया कि भारतीय समय के अनुसार रात्रि 10:10 बजे से सूर्यग्रहण प्रारंभ होकर मध्य रात्रि 1: 24 बजे तक होगा। यह पूर्ण सूर्यग्रहण होगा जिसमें सूर्य और पृथ्वी के बीच चंद्रमा रहेगा। 

जाने क्यों नहीं दिखाई देगा भारत में ये सूर्यग्रहण

दरअसल ये सूर्य ग्रहण भारत में कहीं भी दिखाई नहीं देगा। उज्जैन की जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डॉ. राजेंद्र गुप्त ने बताया कि चंद्रमा दीर्घवृत्ताकार कक्षा में पृथ्वी की परिक्रमा करता है, जिससे वह कभी पृथ्वी के पास की स्थिति में होता है तो कभी दूर। इस कारण वह सूर्य को पूर्णरूप से ढंक लेता है तथा उस स्थान विशेष से हमें पूर्ण सूर्य ग्रहण नहीं दिखाई देता है।

सूर्यग्रहण की अवधि 4 मिनट 32 सेकंड की रहेगी 

– पूर्ण सूर्यग्रहण का प्रारंभ 8 अप्रैल 2024 को भारतीय मानक समय के अनुसार रात्रि 10:10 बजे से होगा। 

– पूर्णता की स्थिति रात्रि 11:47 बजे पर होगी। इस समय सूर्य, पूर्णरूप से चंद्रमा द्वारा ढक लिया जाएगा। 

– यह एक दुर्लभ नजारा होगा। पूर्णता की अवधि 4 मिनट 32 सेकंड तक होगी। 

– मोक्ष की स्थिति 9 अप्रैल 2024 को मध्य रात्रि में 01:24 बजे पर होगी। 

– यह सूर्यग्रहण पोलिनेशिया (हवाई द्वीप), उत्तरी एवं मध्य अमेरिका, ग्रीनलैंड व आइसलैंड में बहुत अच्छी प्रकार से देखा जा सकेगा।