ग्राम कल्ला पिपलिया में पलटी ट्रेक्टर-ट्राली, एक महिला की मौत मौसर से लौट रहा था परिवार, गाय को बचाने में हुआ हादसा

(उज्जैन) ट्रेक्टर-ट्राली में सवार 20 से अधिक लोग बुधवार दोपहर को माकडोन लौट रहे थे। ग्राम कल्ला पिपलिया में गाय को बचाने में ट्रेक्टर अनियंत्रित हो गया और ट्राली सहित सड़क किनारे खंती में जा गिरा। दुर्घटना में एक महिला की मौत हुई है। 15 लोग घायल हुए है। जिनका उपचार जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में चल रहा है।राघवी थाना टीआई विरेन्द्र बंदेवार ने बताया कि शाम 4 बजे के लगभग ग्राम कल्ला पिपलिया में ट्रेक्टर-ट्राली पर 15 से 20 लोगों के घायल होने की खबर मिलने पर पुलिस पहुंची थी। लोगों की मदद से घायलों को निजी वाहनों और एम्बुलेंस से जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया था। ट्राली के नीचे दबने से एक महिला की मौत हो चुकी थी। जिसका शव निकालने के बाद उसे भी उज्जैन रवाना किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रेक्टर-ट्राली में सवार लोग एक ही परिवार के है और राघवी थाना क्षेत्र के ग्राम हजरतपुर में उमेदसिंह गुर्जर के मौसर के कार्यक्रम में शामिल होकर लसुडिय़ा धूंधा माकडोन लौट रहे थे। मृतका बजराबाई पति लखन गुर्जर 40 वर्ष है। जिला अस्पताल पहुंचे घायलों के परिजन होकमसिंह ने बताया कि घायलों में शामिल 11 का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। 3 को निजी अस्पताल ले जाया गया है। जिनकी हालत ठीक नहीं है। टीआई बंदेवार के अनुसार दुर्घटना में घायल कुछ महिलाओं और पुरूषों को फेक्चर हुआ है। जिसके चलते हड्डी वार्ड में भर्ती किया गया है। कुछ को अंदरूनी चोंटे आई है। जिन्हे जनरल वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। सभी की हालत बेहतर बताई गई है, लेकिन उन्हे पूरी तरह से स्वस्थ्य होने पर समय लग सकता है।
कलेक्टर पहुंचे अस्पताल अलर्ट हुआ स्टॉफ
एक ही परिवार के लोगों से भरी ट्रेक्टर-ट्राली पलटने और घायलों को जिला अस्पताल लाने की खबर मिलते ही अस्पताल स्टॉफ हो गया था। डॉक्टरों की टीम को बुला लिया गया था। घायलों के आते ही उन्हे इमजरेंसी में लगाया गया। जहां चैकअप के बाद उन्हे अलग-अलग वार्डो में भर्ती के लिये भेजा गया। दुर्घटना में 15-16 महिला-पुरूष और बच्चों के घायल होने की जानकारी कलेक्टर नीरज कुमार सिंह को मिली तो वह जिला अस्पताल पहुंचे। उनके अस्पताल पहुंचने की जानकारी लगते ही सिविल सर्जन डॉ. पी एन वर्मा, आरएमओ डॉ. भोजराज शर्मा भी पहुंच गये थे। कलेक्टर ने घायलों से दुर्घटना के संबंध में चर्चा की और डॉक्टरों को बेहतर उपचार के निर्देश जारी किये।
घायलों को देखने पहुंचे शहर कांग्रेस अध्यक्ष
ट्रेक्टर-ट्राली पलटने पर हुए हादसे का पता चलने पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष रवि राय भी कार्यकर्ताओं के साथ घायलों को देखने जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होने घायलों की जानकारी ली और परिजनों से चर्चा कर प्रशासन से मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। देर शाम कुछ घायलों की हालत में सुधार आने पर वह परिजनों के साथ घर भी लौट गये थे। वहीं मृतक महिला के मामले में अस्पताल पुलिस चौकी ने मर्ग कामय कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंपा। जिसे अंतिम संस्कार के लिये माकडोन ले जाया गया है।