May 1, 2024

गेर में शामिल होकर बोले सीएम डॉ. मोहन यादव- गौरवशाली परंपरा को मान देने आया

ब्रह्मास्त्र इंदौर

सालों पुरानी परंपरा को निभाते हुए शनिवार को शहरवासी रंगपंचमी पर गेर में रंगों से सराबोर हुए। सुबह 10 बजने के साथ ही आसपास विभिन्न हिस्सों से लोगों का हूजुम शहर की हृदयस्थली राजवाड़ा पर उमड़ने लगा था। रंगपंचमी की गेर में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करीब दोपहर 12 बजे पहुंचे। मुख्यमंत्री ने इंदौरवासियों के साथ जमकर होली खेली। मध्यप्रदेश की जनता को रंगपंचमी की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देता हूं। रंगों के इस त्यौहार के माध्यम से परमात्मा परस्पर भाईचारा बढ़ाता रहे, हम सब एक दूसरे को लेकर चलें, हम सब अपनी आत्मीयता लुटाते हुए मानवता के मूल सिद्धांतों की ओर आगे बढ़ें, यही कामना करता हूं।

करीब 45 मिनट तक इंदौर की गेर में रुककर मुख्यमंत्री इंदौर से रवाना हो गए। इस दौरान वे लोधीपुरा से शकर बाजार तक लगभग एक किमी गेर में साथ रहे। हिंदरक्षक संस्था की गेर में सीएम विधायक मालिनी गौड़ और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ बड़े रथ में सवार हुए। वे शहरवासियों पर रंग और गुलाल की बौछार करते भी नजर आए।
गेर में बड़ी संख्या युवाओं की रही, युवा रंग गुलाल उड़ाते हुए झूम रहे थे। राजवाड़ा पर डीजे की धुन पर नाचते-झूमते सभी मस्ती में डूबे नजर आए। सभी युवा यहां परंपरागत गेर के इंतजार में थे। सबसे पहले शीतलामाता बाजार पर फाग यात्रा पहुंची। इसके बाद राजवाड़े पर रसिया ग्रुप की गेर पहुंची। हिंद रक्षक संस्था की गेर में राधा कृष्ण, टंट्या मामा, संत रविदास के बैनर लगे हुए थे। हिंद रक्षक की यात्रा में हनुमान रथ आते ही जय श्रीराम के नारे लग रहे थे। राधाकृष्ण फागयात्रा में भाग लेने के लिए भाजपा के संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा भी आए। विधायक मालिनी गौड़ ने स्वागत किया। सीएम मोहन यादव बद्रीनारायण मंदिर में पूजा और आरती के बाद गेर के रथ में सवार हुए। कैलाश विजयवर्गीय और हितानन्द शर्मा के साथ जयपालसिंह चावड़ा, शंकर लालवानी, मालिनी गौड़ व भाजपा के तमाम नेता रथ पर नजर आए। विशाल पटेल व संजय शुक्ला भी मुख्यमंत्री के साथ रहे।