April 27, 2024

इंदौर। शहर में होली के अवसर पर महिला एसआई द्वारा लोगों को समझाइश देना भारी पड़ गया। उनकी समझाइश का यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके कारण वरिष्ठ अधिकारियों ने एसआई के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिये हैं।
मामला शहर के लसूड़िया थाने का है। यहां पदस्थ एसआई खुशबू परमार होली पर क्षेत्र में भ्रमण पर थीं। इस दौरान वह वायरलेस सेट पर सभी को समझाइश देती जा रही थी।
उन्होंने कहा कि जनता से निवेदन है कि आचार संहिता का ध्यान रखें। अपने-अपने घर चले जाएं। चार बजे तक होली खेलने का समय निर्धारित किया गया था। अपने घर पर रहे वर्ना पुलिस द्वारा लट्ठमार होली का आयोजन किया जाएगा। वायरल वीडियो में वे मुस्कुराती हुई नजर आ रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद कमिश्नर और डीसीपी ने उनके खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं।