April 27, 2024

 

इंदौर। फाल्गुन पूर्णिमा पर भद्रा के साये के बीच आज इंदौर में जगह-जगह होलिका दहन होगा। सबसे पहले 295 साल से चली आ रही परंपरा को निभाते हुए सरकारी होली का दहन राजवाड़ा पर होगा। स्वच्छता में नंबर वन शहर पर्यावरण संरक्षण की भावना से होलिका दहन में गाय के गोबर के कंडों का उपयोग किया जाएगा। दहन के साथ रंग उड़ाती मतवालों की टोली शहर के अलग-अलग हिस्सों से निकलेगी। कहीं से फाग यात्रा तो कहीं से राधा-कृष्ण का बाना निकलेगा। सोमवार को धुलेंडी पर रंग भरी होली खेली जाएगी।
विद्वान पंडितों के अनुसार पूर्णिमा 24 मार्च को सुबह 9.56 से शुरू होकर सोमवार दोपहर 12.30 बजे तक होगी। इसके साथ भद्रा शुरू होकर रात 11.14 बजे तक रहेगी। प्रदोषकाल में होलिका दहन शाम 6.34 से रात 7.53 बजे तक भद्रा के पुच्छ में करना शास्त्र सम्मत बताया जा रहा है। राजपरिवार के पुजारी लीलाधर वारकर गुरुजी के अनुसार राजवाड़ा पर होली शाम 7 बजे जलाई जाएगी। सरकारी होली की अग्नि को लोग अपनी होली जलाने के लिए लेकर जाएंगे।