धार की ऐतिहासिक भोजशाला का सर्वे शुरू, अलसुबह पहुंचा दल

भोजशाला में कोर्ट के आदेश के तहत उपकरणों का होगा उपयोग

धार। ऐतिहासिक भोजशाला को लेकर आज सुबह से सर्वे कार्य शुरू हो चुका है। इसके लिए आवश्यक सामग्री भी अंदर भेजी जा चुकी है। सर्वे में जिन श्रमिकों की आवश्यकता होगी उन श्रमिकों को भी अंदर भेज दिया गया है
फिलहाल यह तय किया जा रहा है कि किस तरह से सर्वे की प्रक्रिया को आगे जारी रखा जाएगा।

जुम्मे की नमाज के लिए रोका जाएगा काम

इधर, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग को अपने ही आदेश के चलते नमाज भी आज अदा करवाना होगी। शुक्रवार होने के कारण भोजशाला में मुस्लिम समाज को नमाज की अनुमति होती है। इसलिए प्राथमिक रूप से माना जा रहा है कि दोपहर 12 बजे तक सर्वे का प्रथम चरण पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद जुम्मे की नमाज के लिए तैयारी की जाएगी और दोपहर 1 से 3 बजे तक नमाज अदा होने के बाद फिर से सर्वे का दूसरा चरण शुरू हो जाएगा।

पांच विशेषज्ञों की टीम पहुंची

सर्वे करने के लिए पांच विशेषज्ञों की टीम पहले ही धार पहुंच चुकी थी। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग का कहना है कि सर्वे की शुरुआत के बाद यह स्थिति स्पष्ट होगी कि यह सर्वे कितने दिन चलेगा। इसकी वजह यह है कि सर्वे करने के लिए कौन-कौन सी तकनीक या विशेषज्ञ की आवश्यकता होगी। यह पता लगाया जाएगा। कोर्ट ने जो आदेश दिया है उसका पालन किया जा रहा है। ये विशेषज्ञ 22 मार्च को तय कर पाएंगे कि किस तरह से सर्वे को आग बढ़ाया जाए। तकनीकी विशेषज्ञ तय करेंगे कि उन्हें खुदाई आदि को लेकर आगे क्या करना है। किस तरह प्रमाण एकत्रित करना है। सर्वे का पहला दिन इस लिहाज से खास होगा।

बाहरी परिसर में कड़ी सुरक्षा व्‍यवस्‍था

धार की ऐतिहासिक भोजशाला में सर्वे के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग का दल भी सूरज उगने से पहले ही धार पहुंच चुका था। सुबह से ही यहां पर बाहरी परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। फिलहाल मीडियाकर्मियों को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है।
सूर्योदय होते ही सर्वे टीम अंदर पहुंची और प्राथमिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। वही हिंदू समाज की ओर से अंदर गोपाल शर्मा एवं आशीष गोयल गए हैं।

उपकरण भी लाए जाएंगे

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जैसे-जैसे आवश्यकता होगी। वैसे-वैसे उपकरण भी यहां पर लाए जाएंगे। साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि सर्वे में जैसे विशेषज्ञों की आवश्यकता होगी, वैसे विशेषज्ञों को भी तैनात किया जाएगा।