April 28, 2024

उज्जैन। बाइक सवार नाबालिग और युवक को तेज गति से दौड़ते डम्पर ने टक्कर मार दी। नाबालिग की मौके पर मौत हो गई। युवक घायल हुआ है। पुलिस ने दुर्घटना के बाद डम्पर जब्त कर लिया है।
ग्राम मालीखेड़ी में रहने वाला कुलदीप पिता राजेश 15 वर्ष गांव में रहने वाले अरुण पिता विक्रम चौधरी 28 वर्ष के साथ बाइक से उज्जैन खरीददारी करने आया था। शाम 5 बजे के लगभग दोनों मालीखेड़ी लौट रहे थे। रास्ते में गुनाई-जागीर के समीप तेज गति से आये डम्पर के चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कुलदीप की मौके पर मौत हो गई। अरुण घायल हो गया। इस दौरान वहां से अरुण के भाई का गुजरना हुआ तो उसने दोनों को घायल देख परिजनों को जानकारी दी। इस बीच गांव के लोग एकत्रित हो गये थे। डम्पर कुछ ही दूरी पर बने पेट्रोल पम्प मालिक का था। गांव वालों ने डम्पर चालक को पेट्रोल पम्प पहुंचकर पकड़ लिया। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर घट्टिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। डम्पर जब्त किया गया है। घायल और मृतक को परिजन जिला अस्पताल लेकर रवाना हो गये थे। जहां कुलदीप का शव पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया। अरुण की हालत गंभीर होने पर उसे रैफर कर दिया गया। परिजन निजी अस्पताल लेकर गये हैं।