महाकाल मंदिर में धनवर्षा 144 करोड़ का दान आया 

 

– समिति मालामाल, देश-दुनियाभर से करोड़ों लोग आ रहे

– हर कोई बाबा के दरबार में नकद राशि दान कर रहा  

 

दैनिक अवंतिका उज्जैन। 

महाकाल मंदिर में धनवर्षा हो रही है। इसका अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि हाल ही में जब मंदिर प्रबंध समिति ने पिछले माह की दान से हुई आय का हिसाब-कीताब किया तो पता चला कि 144 करोड़ रुपए का दान मिला है। 

यह दान राशि मंदिर में आए अब तक के दान से सबसे अधिक दान राशि है। महाकाल मंदिर के पीछे जब से महाकाल लोक बना है तब से देश व दुनियाभर से करोड़ों लोग यहां दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। उज्जैन में लोग महाकाल के ही सबसे पहले दर्शन करने जाते हैं और हर कोई मुक्त हस्त से लोग दान भी करते हैं। मंदिर की दानपेटियां नोटों से हर 2-4 दिन में ही फुल हो जाती है। पहले महीनों तक पेटियां नहीं खुलती थी। मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक संदीप सोनी ने बताया कि 10 महीने में 144 करोड़ से ज्यादा का दान आया है। यह राशि पिछले 10 साल की तुलना में भी सबसे ज्यादा है।

वर्ष वार जाने मंदिर में कब कितनी आया हुई  

मंदिर प्रबंध समिति को वर्ष 2023-2024 में अप्रैल 2023 से जनवरी 2024 तक 144 करोड़ 67 लाख से ज्यादा की आय हुई है। वर्ष 2022-23 में मंदिर में 46 करोड़ 51 लाख रुपए की आय हुई थी। जबकि इसके पहले के वर्ष में देखे तो वर्ष 2021-22 में समिति को 22 करोड़ 13 लाख रुपए का ही दान मिला था। पिछले तीन-चार सालों का रिकॉर्ड देखे तो इस साल 2024 में ही सबसे अधिक दान आया है। 

मंदिर में चार गुना भक्त बढ़े तो कई गुना तक दान  

महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले भक्तों की संख्या में चार गुना इजाफा हुआ है। इसलिए दान की राशि भी कई गुना तक बढ़ गई है। 11 अक्टूबर 2022 को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही मंदिर के पीछे बने महाकाल लोक का लोकार्पण किया था। इसके बाद यहां देश-विदेश से श्रद्धालु आने लगे और धीरे-धीरे इनकी संख्या बढ़ गई। पहले मंदिर में 10-20 हजार लोग ही रोज आया करते थे। बाद में यह संख्या 25 से 50 हजार हुई और अब 1 लाख से 2 लाख तक पहुंच गई। त्योहारों पर तो यह आंकड़ा 5 लाख व इससे अधिक भी पहुंचा है। 

–