राहुल गांधी 5 मार्च की शाम 5 बजे उज्जैन  पहुंचेंगे, आते ही पहले महाकाल जाएंगे

 

– इसके बाद रोड शो निकलेगा फिर आम सभा लेंगे 

– भारत जोड़ो न्याय यात्रा उज्जैन से बड़नगर जाएगी

 

दैनिक अवंतिका उज्जैन। 

राहुल गांधी 5 मार्च की शाम को 5 बजे उज्जैन पहुंचेंगे। उज्जैन आते ही वे पहले महाकाल दर्शन करने जाएंगे। इसके बाद उनका वाहन से रोड शो शुरू होगा और फिर सभा लेंगे व रात में बड़नगर के लिए निकल जाएंगे। 

गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर उज्जैन आ रहे हैं। वे यहां 2 घंटे रहेंगे। महाकाल के दर्शन कर बाहर मंदिर के चौराहा से देवासगेट चौराहे तक उनका रोड शो होगा। यात्रा को लेकर स्थानीय व प्रदेश कांग्रेस के नेता तैयारियों में जुटे हैं। इसे लेकर बैठकें व निरीक्षण का दौर जारी है। पार्षद रवि राय ने बताया राहुल गांधी की यात्रा को लेकर पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह, पूर्व विधायक रवि जोशी, विधायक महेश परमार, दिनेश जैन बोस, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया आदि पूरी व्यवस्था देख रहे हैं।

3 किलो मीटर लंबा रहेगा राहुल का रोड शो, पुराने शहर से गुजरेगी  

राहुल का रोड शो करीब तीन किलो मीटर लंबा रहेगा। महाकाल मंदिर चौराहा से राहुल पटनी बाजार, गोपाल मंदिर, कंठाल चौराहा, नई सड़क, दौलतगंज, मालीपुरा से देवासगेट पहुंचेंगे। देवासगेट पर ही राहुल की सभा होगी। सभा के बाद शाम करीब 7 बजे राहुल बड़नगर मार्ग की तरफ रवाना होंगे। 

उज्जैन से 20 किलो मीटर दूर बड़नगर रोड पर विश्राम रहेगा 

उज्जैन से करीब 20 किमी दूर बड़नगर मार्ग पर यात्रा का रात्रि विश्राम रहेगा। इसके लिए स्थान फाइनल होना बाकी है। यात्रा की तैयारियों की अंतिम बैठक 26 फरवरी को रखी गई है। यात्रा के दौरान कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय कई भी मौजूद रहेंगे।  

–