राहुल गांधी का उज्जैन, रतलाम सहित कई शहरों में होगा रोड शो, सभा भी करेंगे

 

राहुल उज्जैन में महाकाल के दर्शन भी करेंगे, कांग्रेस प्रदेश में निकलेगी राम यात्रा, फिर जाएंगे अयोध्या दर्शन करने- पटवारी

रतलाम। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा दो मार्च को मुरैना से मध्य प्रदेश में प्रवेशी करेगी। यात्रा ग्वालियर, शिवपुरी, ब्यावरा, शाजापुर, उज्जैन, बदनावर होते हुए छह मार्च को रतलाम पहुंचते हुए आगे बढ़ेगी।
इस बीच राहुल गांधी उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने के बाद रोड शो कर सभा करेंगे। इसके अलावा रतलाम, सैलाना, बदनावर, गुना, शिवपुरी आदि नगरों में रोड शो कर सभा लेने के साथ किसानों, युवाओं आदि से संवाद करेंगे।
यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गुरुवार को रतलाम में एक प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जो बोलते है, वो करते नहीं, वे जो ग्यारंटी देते है, उसके विपरीत होता है।
उनका कहना है कि जनता महंगाई की मार झेल रही है। काला धन वापस नहीं आया, किसी के खाते में 15 लाख नहीं पहुंचे। कांग्रेस जो कहती है करती है। कांग्रेस की सरकार बनी तो स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट के अनुसार किसानों को एमएसपी देंगे।
चुनाव में यह हमारा सबसे बड़ा मुद्दा होगा। भाजपा धार्मिक भावनाओं व नफरत की बातें कर चुनाव जीतती है।

प्रदेश में राम यात्रा निकालेंगे, अयोध्या दर्शन करने जाएंगे

उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान को मानने वाली पार्टी है। कोर्ट के आदेश के बाद राममंदिर का दरवाजा तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने खुलवाया था। समय बदला और कोर्ट का फैसला आया, भाजपा के शासन में रामंदिर बना, अच्छी बात है। धर्म व आस्था व्यक्तिगत विषय है। हर व्यक्ति को अपनी जीवन पद्धति से जीने का अधिकार है। पड़ौसी, मोदी कहेंगे क्या उसी दिन जाएंगे। हम प्रदेश में रामयात्रा निकालेंगे। राम मंदिर पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ दर्शन करेंगे। अभी यह तय नहीं हुआ है कि रामयात्रा कब निकाली जाएगी।

तब झूठ के मामा, अब कर्ज के काका

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बहनों को तीन हजार रुपये माह देने, बेरोजगारी दूर करने सहित कई वादे किए थे, जो पुरे नहीं किए। वे झूठ के मामा थे। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव का नाम लिए बगैर कहा कि अब कर्ज के काका है। काका के दो माह के कार्यकाल में सबसे ज्यादा कर्जा प्रदेश सरकार ने लिया है। प्रदेश की आर्थिक स्थिति खराब है।

24 फरवरी से होंगे आंदोलन

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा ने वचन-पत्र में जो वादे किए थे तथा जो मोदी ग्यारंटी दी थी, वे पूरी नहीं की गई। इसे लेकर कांग्रेस 24 फरवरी को ब्लाक स्तर पर, 29 फरवरी को जिला स्तर पर तथा आठ अप्रैल को मंडियों में किसानों के साथ धरना प्रदर्शन करेगी।