राहुल गांधी की न्याय यात्रा के बाद लोकसभा के प्रत्याशी होंगे घोषित

 

नए चेहरों को भी मौका देगी कांग्रेस, मप्र में एकमात्र सीट छिंदवाड़ा भी खतरे में

भोपाल। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने तैयारी तेज कर दी है, जिसके चलते पार्टी में प्रत्याशी चयन को लेकर सुगबुगाहट का दौर भी शुरू हाे गया है और अब चर्चा है कि कांग्रेस राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बाद लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों के नाम घोषित करेगी।
बता दें कि प्रत्याशी चयन के लिए स्क्रीनिंग कमेटी की दूसरी बैठक दिल्ली में अगले सप्ताह हो सकती है। पार्टी इस बार प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से आधे पर नए चेहरे उतारने की तैयारी में है। इसके लिए समन्वयकों की रिपोर्ट, प्रदेश और जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों के फीडबैक पर प्रत्याशी चयन को कमेटी द्वारा अंतिम रूप देकर सूची केंद्रीय चुनाव समिति को भेजी जाएगी।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मध्य प्रदेश में दो मार्च को मुरैना से प्रवेश करेगी। यह छह या सात दिन प्रदेश में रहेगी। इस दौरान 690 किलोमीटर की यात्रा होगी। कांग्रेसियों ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। यात्रा मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, ब्यावरा, शाजापुर, मक्सी, उज्जैन, बड़नगर, बदनावर और सैलाना से गुजरेगी। इस दौरान विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ राहुल गांधी का संवाद होगा। पांच सभाएं भी होंगी। राहुल गांधी उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन भी कर सकते हैं।

2019 में बुरी तरह हारी थी कांग्रेस

साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस मध्य प्रदेश में बुरी तरह हार गई थी। प्रदेश की 29 में से सिर्फ एक सीट छिंदवाड़ा में कांग्रेस को सफलता मिल सकी थी, जबकि शेष 28 सीटों पर भाजपा को जीत मिली।

इस बार छिंदवाड़ा भी खतरे में

कांग्रेस के लिए मध्यप्रदेश में एक सीट छिंदवाड़ा भी अब खतरे में पड़ती दिखाई दे रही है। दरअसल, पिछले दिनों से जारी सियासी घटनाक्रम को देखते हुए अटकलें लगाई जा रही है कि कमलनाथ अपने बेटे नकुलनाथ के साथ भाजपा में शामिल हो सकते हैं और आज इसको लेकर सस्पेंस भी खत्म हो जाएगा। यदि ऐसा होता है तो कांग्रेस मध्य प्रदेश में कांग्रेस अपना सबसे मजबूत गढ़ भी खो देगी।