स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कर्मचारियों ने सार्थक ऐप के विरोध में विधायक को ज्ञापन दिया

टोंक खुर्द । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टोकखुर्द ब्लाक के समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों ने इकट्ठा होकर सार्थक ऐप मे आने वाली समस्याओं को ध्यान मे रखते हुए इस ऐप के विरोध मे क्षेत्रीय विधायक महोदय डॉ राजेश सोनकर को ज्ञापन दिया गया। इस संबंध मे संघ की कार्यकारी अध्यक्ष शशिकला खींची ने विधायक महोदय को सार्थक ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी देकर अवगत कराया की हम स्वास्थ्य विभाग के समस्त मैदानी कर्मचारी फील्ड में काम करते हैं। उप स्वास्थ्य केंद्र के 6 से 10 गांवों में भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं। शासन के आदेश अनुसार विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति सार्थक ऐप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। फील्ड मे कार्यरत हम कर्मचारियों को अत्यधिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जिसमें सर्वप्रथम नेटवर्क न मिलने से हम उपस्थिति दर्ज नहीं कर पाते हैं। विभाग मे अधिकांश महिला कर्मचारी है जिन्हें एक गांव से दूसरे गांव में जाकर सेवा देना होती है इसलिए उपस्थिति सही समय पर नहीं लगा पा रहे हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की इमरजेंसी सेवा होने के कारण हमें समय सीमा में नहीं रखा जा सकता है, कोरोनाकाल मे हम सभी कर्मचारियों ने दिन-रात मानव सेवा की है। सार्थक ऐप हम फील्ड के कर्मचारियों पर लागू नहीं है। मजबूरीवश हम पर उपस्थिति लगवाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों मे इस ऐप मे होनेवाली अत्यधिक तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है जिसकी वजह से भी उपस्थिति दर्द नहीं कर पा रहे हैं। इसलिए विधायक महोदय से हम सभी कर्मचारियों ने इस सार्थक ऐप को बंद करने की मांग का ज्ञापन दिया है।इस अवसर पर ब्लॉक के सभी मैदानी कर्मचारीगण उपस्थित थे।