केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार को बताया – अशांत आत्मा

कहा- 2025 में राज्य में बनेगी BJP सरकार

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अशांत आत्मा कहा। उन्होंने कहा कि बीजेपी 2025 में प्रदेश में नई सरकार बनाएगी। यह बयान उन अटकलों के बीच आया है जब नीतीश भाजपा के साथ जाने के लिए तैयार हैं। सिंह ने कहा, ‘बिहार की जनता 2024 लोकसभा और 2025 में भाजपा को वोट देगी। मैं बस देख रहा हूं कि राज्य में क्या चल रहा है।’
गिरिराज सिंह से जब पूछा गया कि बिहार में महागठबंधन सरकार स्थापित करने के लिए नीतीश कुमार ने बीजेपी से नाता तोड़ लिया है। जिसमें राजद, जदयू, कांग्रेस और वामपंथी दल शामिल हैं। सिंह ने कहा कि वह एक बेचैन आत्मा हैं। राजद और जदयू के बीच मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम में बीजेपी की भूमिका नहीं है।
बीजेपी ने गतिविधियों पर रखी है नजर
उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रख रही है। अब जो भी जवाब देना है वह लालू यादव, तेजस्वी यादव और नीतीश कुमार को देना है। हम यहां मुख्य पार्टी हैं, इसलिए जो भी गतिविधियां हो रही हैं, उनपर बीजेपी ने गंभीरता से नजर रखी है।

लालू ने नीतीश की जगह राहुल को दी प्राथमिकता

राजद और जदयू के बीच संभावित विभाजनों के कारणों पर गिरिराज सिंह ने कहा कि इस बारे में लालू यादव या नीतीश कुमार को पता होगा। उन्होंने कहा, ‘दोनों दलों के बीच दरार तब शुरू हुई जब पटना में इंडिया ब्लॉक सम्मेलन के दौरान लालू यादव ने राहुल गांधी को प्राथमिकता दी।’ सिंह ने आगे कहा कि नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री पद के लिए भाजपा का साथ छोड़ा था। लालू यादव ने उन्हें समर्थन नहीं दिया जिसकी उन्हें जरूरत थी।