स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग होंगे एक, मोहन कैबिनेट के कई बड़े निर्णय

भोपाल। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग को मर्ज करते हुए एक करने का निर्णय लिया गया। प्रत्येक जिले में पीएम एक्सीलेंस कालेज खोले जाएंगे। इसमें सभी सुविधाएं होंगी। दो सिंचाई परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई।
मोहन यादव कैबिनेट बैठक के बाद मंत्रियों से की अनौपचारिक चर्चा
कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने मंत्रियों से अनौपचारिक चर्चा में कहा कि, सात फरवरी से विधानसभा का बजट सत्र प्रारंभ होगा। इसके लिए सभी मंत्री तैयारी करें। विपक्ष के प्रश्नों का तथ्यात्मक रूप से उत्तर दें। लोकसभा चुनाव का समय भी पास आ गया है। इसकी तैयारी में जुट जाएं। अधिक से अधिक दौरे करें और शासन की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से सीधा संवाद स्थापित करें।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार सभी वर्गों के हित के काम कर रही है। विकसित भारत संकल्प यात्रा में विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। ऐसे सभी लाभार्थियों से संवाद किया जाए। अधिक से अधिक दौरे करें और विकास कार्यों का निरीक्षण भी करें। लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी द्वारा जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उसकी पूर्ति में जुट जाएं।