अयोध्या जाने के लिए महाकाल  के 5 लाख लड्‌डू कंटेनरों में पैक  – कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना, प्रसाद है इसलिए कंटेनरों को महाकाल, राम के चित्र के झंडे, फ्लेक्स से सजाया

दैनिक अवंतिका उज्जैन। 
अयोध्या में राम लला की प्रतिष्ठा में बांटे जाने वाले लड्‌डू उज्जैन के महाकाल मंदिर की प्रसाद यूनिट में तैयार होने के बाद गुरुवार को कंटेनरों में पैक कर दिए गए है। अब ये लड्‌डू उज्जैन से ट्रकों से अयोध्या जा रहे हैं। 
भगवान का प्रसाद है इसलिए कंटेनरों को भी सजाया गया है। करीब 5 कंटेनर में लड्‌डू भरे गए है। रात में उन्हें रवाना कर दिया गया। प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर देश व दुनियाभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप ये लड्‌डू वितरित होंगे। मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसकी घोषणा की थी। 6 दिनों से महाकाल मंदिर प्रबंध समिति की लड्डू निर्माण इकाई चिंतामन में ये लड्डू बनने और पैकिंग का काम जारी था। एक दिन तो खुद मुख्यमंत्री यादव भी प्रसाद यूनिट पहुंचे थे। उन्होंने लड्‌डू भी बनाए थे और पैकिंग भी की थी। 
250 लोगों ने बनाए, 6 दिन लगे, 1 बाक्स में 1121 लड्‌डू   महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक संदीप सोनी ने बताया कि समिति की ओर से करीब ढाई सौ कर्मचारियों ने 5 से 6 दिन में 5 लाख लड्डू प्रसाद तैयार किए है। प्रत्येक लड्डू प्रसाद को अलग बॉक्स में रखा गया है। एक बड़े बॉक्स में 448 छोटे प्रसाद के बॉक्स रखकर पैकिंग की गई है। बड़े बॉक्स की संख्या करीब 1121 है। यह सभी बॉक्स पांच बड़े कवर्ड कंटेनर में लोड किए गए हैं। प्रसाद लोडिंग के बाद सभी कंटेनर पर भगवान महाकाल और रामलला के चित्र के झंडे, फ्लेक्स लगाकर सजाया गया है। इसके बाद यहां से सभी कंटेनर रवाना होगे। अयोध्या में महाकाल का प्रसाद वितरित होने से श्री महाकालेश्वर मंदिर की ब्रांडिग होगी।प्रशासन के अधिकारी औरमंदिर के लोग सौंपेंगे लड्‌डू श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा अयोध्या भेजे जाने वाले 5 लाख लड्डू प्रसाद के कंटेनर कड़ी सुरक्षा में अयोध्या तक पहुंचेंगे। मंदिर समिति के प्रशासक सोनी ने बताया कि सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल आदि टीम की निगरानी में पूरी तरह से कवर्ड कंटेनर को प्रसाद से पैक करने के बाद ताला लगाया गया है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की देखरेख में मंदिर के कुछ कर्मचारियों के साथ प्रसाद के कंटेनरों को अयोध्या के लिए रवाना किया गया है। यह प्रसाद अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण समिति को सौंपा जाएगा।