शाजापुर : भाजपा सबसे मजबूत पार्टी है, भाजपा में ही जाएंगे, पूर्व

शाजापुर। करारी हार झेलने और तीनो सीटों पर सुपड़ा साफ होने के बाद भी कांग्रेस की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहे योगेंद्रसिंह बंटी बना ने भी पार्टी का साथ छोड़ने और भाजपा में शामिल होने का मन बना लिया है।

बताया कि पार्टी ने शत प्रतिशत उनकी अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्याशी का चयन सही होता तो रिलल्ट कुछ और हो सकते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मुझसे उन लोगों ने भी कहा था जो जनप्रतिनिधि रह चुके हैंे ने कहा था कि कुछ भी हो जाए टिकिट तो मुझे ही मिलेगा। इससे यह तय है कि टिकिट पहले ही बिक चुका है और यदि यह नहीं बदले गए तो चार-पांच सीटों पर इसका असर पड़ेगा और आज परिणाम सभी के सामने हैं। भाजपा की जीत में अपनी भूमिका के सवाल पर उन्होंने कहा कि शुजालपुर विधानसभा हमारा घर रहा है और वह मेरा परिवार है। इसलिए वहां चर्चा तो हमारी ही होना है। इसके अलावा पार्टी ने मतदान के बाद मुझ पर जो कार्यवाही की थी और मुझे अपमानित किया है तो उस पार्टी में रहना ही नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठों से चर्चा हुई है। इंदरसिंह जी परमार से भी चर्चा हुई है। भाजपा आज सबसे मजबूत पार्टी है और मुझे उचित स्थान मिलता है तो मैं जरूर भाजपा में सही समय देखकर जाउंगा।

कांग्रेस ने किया था पार्टी से निष्कासित..!

गौरतलब है मतदान के ठीक एक दिन बाद कांग्रेस पार्टी ने अपने जिलाध्यक्ष योगेंद्रसिंह बंटी बना पर भीतरघात का आरोप लगाते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था और उनसे तीन दिन में जवाब भी मांगा था। वहीं जीतने के बाद श्री सिंह के बंगले पर पहुंचे शुजालपुर के विजयी प्रत्याशी इंदरसिंह परमार का उनके निवास पर जाकर मुलाकात करना चर्चा का विषय बना हुआ था। इसके अलावा उनके बंगले से कांग्रेस का झंडा भी उतार दिया गया था। तभी से यह कयास लगाए जा रहे थे और सभी कयासों पर श्री सिंह ने विराम लगाते हुए भाजपा में जाने का निर्णय लिया है।