चुनाव के कारण पिछडी पढाई पर अब ठंड की मार -31 जनवरी तक प्रात: 9 बजे बाद लगेंगे विघालय

उज्जैन। चुनाव एवं अन्य कारणों से पढाई इस सत्र में समय पर नहीं हो पाई है। सिलेबस के मान से पढाई काफी पिछडी है। इसके बावजूद ठंड को देखते हुए कक्षा नर्सरी से 8 वीं तक के स्कूल बुधवार से सुबह 9 बजे के पहले नहीं लगने के आदेश जारी किए गए हैं। आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी इस आशय के निर्णय जिला कलेक्टरों ने लिए हैं।

जिले में इस वर्ष सिलेबस के मान से समय पर कोर्स पूरा नहीं हो सका है। इसके पीछे कारण अवकाश एवं शिक्षकों का चुनाव एवं अन्य कार्य में व्यस्त रहना सामने आया है। प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी तक यह स्थिति बताई जा रही है। चुनाव डयूटी से अभी शिक्षक निर्वत्त भी नहीं हो सके हैं। 3 दिसंबर को मतगणना होना शेष है। इसके पूर्व ही ठंड ने अपनी दस्तक मावठे की बारिश के साथ दी है। मौसम में एक दम से परिवर्तन आया है। छोटे बच्चे इस मौसम से अधिक प्रभावित होते हैं। इसे देखते हुए उज्जैन कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम के आदेश पर जिला शिक्षा अधिकारी आनंद शर्मा ने बुधवार से सभी प्रकार के विघालयों में कक्षा नर्सरी से 8वीं की कक्षाओं एवं शालाओं का समय प्रात: 9 बजे बाद का करने के आदेश जारी किए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्रात: 9 बजे के पूर्व एवं अपरांह 4 बजे के पश्चात इन का समय नहीं रखा जावेगा। अर्थात विघालय समय प्रात: 9 बजे से अपरांह 4 बजे तक ही संचालित हो सकेंगे।यह आदेश 31 जनवरी तक प्रभावशील किया गया है।
पिछल 5 दिन का तापमान एक नजर में-
दिनांक न्यूनतम अधिकतम
28 नवंबर 17.0 24.8
27 नवंबर 15.0 21.5
26 नवंबर 16.2 23.7
25 नवंबर 14.2 29.0
24 नवंबर 14.5 29.5
स्त्रोत-शासकीय जीवाजी वेधशाला। तापमान डिग्री सेंटीग्रेड में है।