आगजनी की शंका जताई तो किया हमला

दैनिक अवंतिका(उज्जैन) दो दिन पहले संपतनगर में आगजनी की घटना सामने आई थी। जिसमें सांची पाइंट चलाने वाले गौरव राजपूत की गन्ने की चरखी जल गई थी। गौरव ने चिमनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि उसकी दुकान से उधार दूध मांगने अर्जुन बरगुंडा आया था। जिसके पहले के 55 सौ रूपये बाकी थे। उसे दूध देने से इंकार किया था, वह धमकी देकर गया था, उसी ने आग लगाई है। चिमनगंज पुलिस ने संदेही के रूप में अर्जुन के खिलाफ शिकायत दर्ज कर तलाश शुरू की थी। इस बीच शुक्रवार दोपहर अर्जुन अपने साथी के साथ गौरव की दुकान पर पहुंचा और शराब पीने के लिये पैसे मांगने लगा, नहीं देने पर उसने गौरव पर डंडे से हमला कर दिया। आसपास के लोग आये तो जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। चिमनगंज पुलिस ने अर्जुन और उसके साथी के खिलाफ हफ्तावसूली और मारपीट का एक ओर प्रकरण दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश में एक टीम ने संपत नगर में दबिश दी, लेकिन वह फरार होना सामने आया है।