भर्तृहरि गुफा पर गुरु बृहस्पति नाथ महाराज की 10 वीं पुण्यतिथि मनाई

उज्जैन। भर्तृहरि गुफा पर गुरु महंत योगी श्री 1008 बृहस्पति नाथ जी महाराज की बुधवार को 10 वीं पुण्यतिथि मनाई गई। भर्तृहरि गुफा के पीठाधीश्वर योगी पीर महंत श्री रामनाथ जी महाराज ने गुरु बृहस्पतिनाथ जी महाराज की समाधि पर धूप-ध्यान कर पुष्प चढ़ाए व खीर-पुरी का भोग अर्पित किया।

 योगी पीर महंत रामनाथ महाराज सहित साधु-संतों ने पुष्पांजलि अर्पित की

इसके पश्चात भैरवगढ़ पुल के पास स्थित मां बगलामुखी धाम में स्थित गुरु बृहस्पतिनाथ जी महाराज की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि दी गई। इस अवसर पर 51 बटुकों के मंत्रोच्चार के बीच नाथ संप्रदाय के अनेक साधु-संतों ने गुरु बृहस्पतिनाथ जी महाराज को याद करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की। इसके पश्चात बटुकों व साधु-संतों का भंडारा हुआ। योगी पीर महंत श्री रामनाथ जी महाराज ने बताया कि 22 नवंबर 2013 को गुरु बृहस्पति नाथ जी महाराज का देवलोक गमन हुआ था। प्रतिवर्ष उनकी पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि व भंडारे का आयोजन किया जाता है।