गर्लफ्रेंड पर खर्च करने और नशे के लिए राहगीरों को लूटा, दो गिरफ्तार….

इंदौर। क्राइम ब्रांच ने सिलसिलेवार लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी नशा करते हैं। युवतियों से दोस्ती भी रखते हैं। उनका खर्च उठाने और नशा खरीदने के लिए लोगों को लूटना कबूला है।
खजराना थाना क्षेत्र स्थित सर्विस रोड़ पर बाइक सवार बदमाशों ने रविवार रात रवि नामक युवक को लूटा था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो आरोपी दीपक बरेड़िया निवासी सरस्वती नगर और सुमित गोस्वामी निवासी बाबा मनसब नगर को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी (अपराध) निमिष अग्रवाल के मुताबिक, आरोपियों ने रवि को लूटने के साथ दो अन्य लोगों को लूटना कबूला है। दीपक का आपराधिक रिकार्ड है। डकैती की साजिश में शामिल रहा है। दोनों ही शराब और गांजा का नशा करते हैं।

छात्र पर हमला, लूट का आरोप….

इंदौर। आजाद नगर थाना क्षेत्र में आपसी विवाद में छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। घायल छात्र ने सोने की चेन लूटने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक आइपीएस कालेज का छात्र अंशुल (एलआईजी) आजाद नगर में दोस्त सोहेल के पास गया था। आरोपी बिट्टू और उसके साथियों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने चाकू मार दिए। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी पूर्व परिचित हैं।