25 करोड़ रुपए में बनेगा रुद्रसागर  से महाकाल मंदिर तक पैदल पुल

 

– एक बार में 500 लोग यहां से लाइट एंड साउंड प्रोग्राम देख सकेंगे 

दैनिक अवंतिका उज्जैन। 

देश व दुनियाभर से उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने आने वाले हजारों, लाखों श्रद्धालुओं को आने वाले समय में और भी कई तरह की सुविधाएं मिलने वाली है। जिस पर काम चल रहा है। इनमें से एक है 25 करोड़ रुपए के खर्च से बनने वाला रुद्रसागर से महाकाल मंदिर तक पैदल पुल। 

इस पुल की कई खासियत होगी। यह चारधाम मंदिर मार्ग से महकाल मंदिर के पीछे बने मानसरोवर द्वार को जोड़ेगा। इससे दोनों ओर से श्रद्धालुओं को आने-जाने की सुविधा मिलेगी। महाकाल दर्शन कर श्रद्धालु चारधाम तरफ से नृसिंह घाट शिप्रा के रामघाट जा सकेंगे तो उधर से मंदिर की तरफ आ भी सकेंगे। पैदल पुल से एक बार में 500 लोग रुद्रसागर के लाइट एंड साउंड शो को देख सकेंगे।

200 मीटर लंबा, 6 मीटर चौड़ा होगा यह पुल

रूद्रसागर पर बनने वाला पैदल पुल 200 मीटर लंबा और 6 मीटर चौड़ा बनाएंगे। रूद्रसागर पुल के पोस्ट और फसाड़ श्री महाकाल महालोक की थीम पर आधारित होंगे। पैदल पुल के माध्यम से कनेक्टिविटी में सुधार होगा। दर्शनार्थियों को सीधे मानसरोवर गेट पहुंचाया जा सकेगा। दर्शन के लिए पहुंचने की दूर कम होगी। इसके निर्माण की कुल लागत 25.22 करोड़ है।

रुद्रसागर झील के किनारे छत्रियां बनेगी, छायादार लेक

रुद्रसागर झील के किनारे छतरियां, पंचतत्व की अवधारणा पर मूर्तियां एवं बैठक क्षेत्र रहेगा। ब्रिज लैंडिंग क्षेत्र के पास दुकानें, सार्वजनिक उपयोगिताएं, प्लाजा और किड्स प्ले एरिया, जिससे महाकाल मार्ग के समानांतर मार्ग पैदल और ई-रिक्शा मार्ग बनाएंगे। रूद्रसागर के पश्चिम में छायादार लेक फ्रंट बनाएंगे। इसकी लागत 33.27 करोड़ आएगी।