शाजापुर जिले के पोलायकलां में जन आक्रोश यात्रा, राहुल गांधी की आम सभा

 

इंदौर आकर हेलीकॉप्टर से काला पीपल गए

इंदौर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव, 2023 में प्रचार के लिए पहली बार खाता खोलने जा रहे हैं। राहुल गांधी आज सुबह दिल्ली से इंदौर एयरपोर्ट आकर यहां से वे पूर्व मुख्यमंत्री तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के साथ हेलीकॉप्टर से सीधे शाजापुर जिले की कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के पोलायकला पहुंच रहे हैं। यहां पर पूर्व मंत्री तथा प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा निकल रही है। राहुल गांधी पोलायकला में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस ने दावा किया है कि सभा में करीबन 70000 लोग मौजूद रहेंगे।

उज्जैन में दुष्कर्म की शिकार हुई पीड़िता से इंदौर में मिलने पहुंचे कमलनाथ

इसके पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ उज्जैन में दुष्कर्म की शिकार हुई नाबालिग पीड़िता से मिलने इंदौर के अस्पताल पहुंचे, जहां वह भर्ती है। कमलनाथ ने मीडिया को बताया कि उन्होंने पीड़िता के डॉक्टर से बात की है। पीडिता की हालत में सुधार हो रहा है, लेकिन वह मानसिक रूप से अभी परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश भर में आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सामने नहीं आ पाती।