खाचरौद से गौतमपुरा जा रही यात्रियों से भरी बस पलटी स्टेरिंग फैल , 19 घायल, दम्पति की कार रोक बदमाशों ने फोड़े कांच

उज्जैन। खाचरौद रोड भाटपचलाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर यात्रियों से भरी बस पलटी खा गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। 19 यात्री घायल हुए थे। जिन्हे उपचार के लिये बडऩगर पहुंचाया गया। जहां से एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रैफर किया गया है।
भाटपचलाना थाना पुलिस ने बताया कि दोपहर 1 बजे के लगभग खाचरौद से गौतमपुरा के बीच चलने वाली शकील ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 13 पी 1972 पलटी खा गई थी। मामला सामने आने पर टीआई नरेन्द्र यादव टीम के साथ पहुंच गये थे। ग्रामीणों की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों में 14 पुरूष और 5 महिलाओं को चोंट लगी थी। सभी को एम्बुलेंस और निजी वाहनों से उपचार के लिये बडऩगर शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रैफर किया गया है। पुलिस के अनुसार चालक का कहना था कि स्टेरिंग फैल होने से बस पलटी है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। हादसा खाचरौद रोड पर रमण सेठ के गोदाम के सामने हुआ। चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया जायेगा।  दम्पति की कार रोक बदमाशों ने फोड़े कांच उज्जैन। बीती रात कार से लौट रहे दम्पति को रास्ते में बदमाशों ने रोक लिया और कांच फोड़ दिया। घटनाक्रम में महिला घायल हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर 2 को हिरासत में ले लिया है। पांच की तलाश जारी है। चिमनगंज थाना पुलिस ने बताया कि तिरूपति एवेन्यू में रहने वाला योगेन्द्र पिता दयाराम जयसवाल मार्केटिंग का काम करता है। रात में वह पत्नी जया के साथ कार क्रमांक एमपी 13 सीए 4727 में सवार होकर सांदीपनी नगर से घर लौट रहा था। रास्ते में पवन कंडारे, यश कंडारे, धीरज गौसर, हरिओम, हेमंत, रोशन और रिंकू मीणा ने रोका निकलने की बात पर विवाद करते हुए कार का अगला कांच फोड़ दिया। कांच फूटने से जया घायल हो गई। बदमाश यहां से नहीं निकलने और जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पुलिस के अनुसार रात में प्रकरण दर्ज कर 2 युवको को हिरासत में लिया गया है। जिनसे पूछताछ कर अन्य की तलाश की जा रही है।